: ट्रेन से कटकर बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत
Admin
Sun, Jun 4, 2023
जरवलरोड, बहराइच। रविवार सुबह लखनऊ-गोंडा रेल प्रखंड पर रेल लाइन पार करते समय एक बुजुर्ग किसान की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई है। किसान की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची जरवलरोड व रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को रेलवे ट्रैक से हटवा कर उसकी पहचान कराई और पीएम के लिए भेज दिया है। जरवलरोड थाना अंतर्गत करमुल्लापुर गांव निवासी 60 वर्षीय लल्लू पुत्र भुसैली रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने घर से खेत को जा रहे थे। तभी लखनऊ गोंडा रेल प्रखंड पर जरवलरोड ओवरब्रिज के निकट डाउन लाइन को पार करते समय गोंडा की तरफ जा रही गोमतीनगर नकहा जंगल इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे लल्लू की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन के लोको पायलट ने हादसा की सूचना निकटतम जरवलरोड रेलवे स्टेशन पर दी। जरवलरोड स्टेशन अधीक्षक कौशलेंद्र कुमार की सूचना पर जरवलरोड थाना प्रभारी दद्दन सिंह, घाघरा घाट चौकी प्रभारी आदित्य कुमार, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, श्रवण गौतम, कांस्टेबल संजीत यादव, अवधेश वर्मा, अरविंद, अरुण समेत पूरी टीम के साथ व बुढ़वल आरपीएफ इंस्पेक्टर छोटे लाल यादव ने मौके पर पहुंचकर शव को रेलवे ट्रैक से हटवा कर अपने कब्जे में ले लिया। घाघरा घाट चौकी प्रभारी आदित्य कुमार ने बताया कि शव क्षत विक्षत अवस्था में था। काफी प्रयास के बाद लल्लू के पुत्र अशोक के द्वारा अपने पिता के शव की पहचान की गई। मृतक के पुत्र ने बताया वह घर से खेत की तरफ जा रहे थे। जरवलरोड थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि जरवलरोड स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया। परिजनों के द्वारा पहचान कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन