: जिले के लिए चयनित 118 एएनएम. को वितरित किये गये नियुक्ति पत्र
Fri, Jun 9, 2023
बहराइच। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के लिए चयनित 7182 एए.एम. के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में लोक भवन लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का प्रसारण दिखाया गया। सजीव प्रसारण के उपरान्त जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा के राम निवास वर्मा, सांसद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, जिलाधिकारी मोनिका रानी, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह द्वारा जिले के लिए नवनियुक्त 118 ए.एन.एम. को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवनियुक्त एएनएम. को चयनित होने पर बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आपकी भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। डीएम मोनिका रानी ने नवनियुक्त एएनएम. से अपेक्षा की कि अपने पदेन उत्तरदायित्वों का भली प्रकार से निर्वहन करते हुए आकांक्षात्मक जनपद में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाली महिलाओं एवं बच्चों तक शासन की मंशानुरूप स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाकर जनपद को कुपोषण से मुक्त कराने में सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर डीपीएम एनएचएम सरजू खान, डीसीपीएम मोहम्मद राशिद, डीएचईआईओ बृजेश सिंह सहित अन्य अधिकारी, नवनियुक्त ए.एन.एम. तथा उनके परिवार के सदस्यगण मौजूद रहे।
: नेपाल में चल रहा कैसीनो गेम भारतीयों को कर रहा बर्बाद
Fri, Jun 9, 2023
कई परिवारों के सदस्य कैसीनो की लत में पड़ कर कर्ज में डूबे
नेपालगंज के जिला बांके उप नगर पालिका के होटलों में चल रहा कैसीनो
रूपईडीहा, बहराइच। भारत के पड़ोसी देश नेपाल के बांके जिले के शहर नेपालगंज में धड़ल्ले से चल रहे कैसीनो भारतीयों के लिए बर्बादी का सबब बन रहे हैं। लखनऊ सीतापुर, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, कानपुर, श्रावस्ती, भिनगा व लखीमपुर सहित कई अन्य जिलों के साथ रूपईडीहा नगर के कई परिवारों के सदस्य कैसीनो के जुए की लत में पड़ कर कर्ज में डूब गए हैं या फिर कंगाली की कगार पर आ गए है। कोरोना काल में कैसीनो बंद होने से कई भारतीय परिवार राहत की सांस ले रहे थे। लेकिन इधर कोविड का खतरा समाप्त होने से फिर कैसीनो खुल गए हैं। जो भारतीय नागरिकों को बर्बाद करने का सबब बने हैं। बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कसीनो में जुआ खेलने के लिए बड़ी-बड़ी गाड़ियों से नगर में लोग आते हुए दिखाई देते हैं। वहीं शाम ढलने ही नशे में सराबोर और हारी हुई शक्ल लिए हुए गाड़ियों से घर वापस चले जाते हैं। फिर अगली सुबह से नेपालगंज कैसीनो में भारतीयों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। भारत नेपाल सीमा पार कर बड़ी संख्या में आखिर पैसा नेपालगंज कैसे पहुंच जाता है यह बड़ा सवाल है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो भारतीयों की जिंदगी तबाह व बर्बाद हो जाएगी ।
सिर्फ भारतीयों को ही मिलता है प्रवेश
कैसीनो में जारी नियम के अनुसार कैसीनो में सिर्फ विदेशियों का ही प्रवेश है। नेपाली नागरिकों की इंट्री नही है। आधार कार्ड या निर्वाचन कार्ड दिखाकर कैसीनो में सिर्फ भारतीय नागरिकों को ही प्रवेश दिया जाता है। कैसीनो में भारतीय व नेपाल की मुद्रा स्वीकार की जाती है। नेपाली नागरिकों को कैसीनो में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
कैसीनो में होता है शराब व शवाब खुला खेल’
कैसीनो में अर्धनग्न युवतियां नृत्य भी करती रहती हैं। भारतीयों को मुफ्त की शराब व बियर परोसी जाती है। भारतीय क्षेत्र के कई लोग पहले तो मुफ्त शराब व चखने की लालच में कैसीनो में इंट्री कराते हैं। फिर नशा होने पर वह जुए की लत में फंस कर अपनी रकम गवां देते हैं और खाली हाथ अपने घर लौट जाते है।
बाक्सजारी हुए हैं वीआइपी पास
नियमति व प्रति माह पांच लाख से अधिक की रकम का जुआ खेलने वाले भारतीयों के लिए कैसीनो संचालकों ने वीआइपी पास जारी किए हैं। इसके अलावा भारतीयों को गुमराह कर कैसीनों में लाने वाले दलालों को भी मोटा कमीशन दिया जाता है।
आवागमन की सुविधा बार्डर पर ही है मौजूद
कैसीनो जाने वाले भारतीय रुपईडीहा कस्टम के सामने हनुमान सरोवर के पास अपने भारतीय वाहन खड़े कर देते हैं। यहां से पैदल जाकर कैसीनो के वातानुकूलित वाहन उनके ले जाने के लिए तैयार रहते हैं। रुपईडीहा से सटी नेपाली जांच चौकी पर इन कैसीनो के अपने ऑफिस है जो खिलाड़ियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखते हैं। नेपालगंज में सात कैसीनो चल रहे हैं कुछ और खुलने वाले हैं।
हारे हुए खिलाड़ियों के लिए कर्ज की भी है व्यवस्था
जो लोग कैसिनो में हार जाते हैं। कैसीनो के बाहर नवाबगंज, चरदा, नानपारा व नेपाली गांव जैसपुर के पूंजीपति कर्ज देने के लिए तत्पर रहते हैं। जो एक लाख रूपये पर पांच हजार का ब्याज लेते हैं। हारने पर कोई न कोई सिक्योरिटी रखते हैं।
क्या कहते हैं लोग
भारतीय क्षेत्र के लोगों ने बताया कि नेपाल में खुले कई कैसीनो से भारतीय नागरिकों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। कई ऐसे भारतीय हैं जो कैसीनों खेलते खेलते बर्बाद हो गए हैं। लोगो का कहना नेपाल की सरकार नेपालियों को कैसीनो में जुआ खेलने से रोकती है और भारतीयों को धड़ल्ले से इंट्री दे रही है। इसलिए जुआ अपने आप में बहुत खराब नशा है। लोग घर का पैसा बर्बाद कर रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने की जरूरत है। लोगों को इससे बचने के लिए जागरूक करने की भी आवश्यकता है।
’स्थानांतरित एसएसपी ने लिया था संज्ञान।’
अवैध कारोबार तेजी से फलफूल रहा
यहां से स्थानांतरित हो चुके एसएसपी केशव कुमार चौधरी ने भारतीयों की इस बर्बादी को संज्ञान में लेकर रुपईडीहा पुलिस व एसएसबी की बीओपी पर सतर्कता बरतने का आदेश दिया था। कुछ दिन तो ठीकठाक रहा। उनके जाते ही फिर यह अवैध कारोबार तेजी से फलफूल रहा है।
: एसपी ने ली परेड की सलामी, पुलिस लाइन परिसर का किया निरीक्षण
Fri, Jun 9, 2023
बहराइच। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा द्वारा शुक्रवार की परेड रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर कराते हुये परेड की सलामी ली गई। सलामी ग्रहण करने के उपरांत पुलिस बल की दौड़ कराई गई एवं टोली वार परेड ड्रिल का निरीक्षण करते हुए परेड ड्रिल के संबंध में निर्देशित किया गया। तदुपरांत पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये गये।