: लम्बे समय से चल रहे राजस्व वादों को चिन्हित कर कराये निस्तारितः डीएम
Sun, Jun 25, 2023
डीएम मोनिका रानी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कटान व बाढ़ से प्रभावित लोगों को प्रभामिकता के आधार पर किया जाए पट्टा आवंटन
क्षेत्रीय राजस्व कार्मिकों द्वारा जन शिकायतों का गुणवत्तापरक किया जाय निस्तारण
बहराइच। राजस्व कार्यो की मासिक समीक्षा के लिए शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने तहसीलों को निर्देश दिया कि निस्तारित वादों विशेष कर भूमि सम्बन्धित निर्णित वादों का अनुपालन भी सुनिश्चित कराएं। एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र के भ्रमण के दौरान लेखपालों की आख्या के आधार पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता का भी सत्यापन कर लें। समस्त तहसीलों को यह भी निर्देश दिया गया कि क्षेत्रीय राजस्व कार्मिकों द्वारा जन शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाय। राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि लम्बे समय से चल रहे वादों को चिन्हित करें तथा अभियान संचालित कर उन्हें निस्तारित किया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि विभिन्न न्यायालयों पर प्रचलित सीलिंग से सम्बन्धित वादों में प्रभावी पैरवी कर उन्हें निस्तारित कराया जाय। भूमि आवंटन कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कटान व बाढ़ से प्रभावित लोगों को प्रभामिकता के आधार पर पट्टा आवंटन किया जाए ताकि ऐसे लोगों को आवासीय योजना से आच्छादित किया जा सके। पेंशनर्स से सम्बन्धित समस्याओं तथा विभागीय कार्यवाही की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि समयबद्धता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। बैठक के दौरान 01 जनवरी 2024 के आधार पर संचालित होने वाले पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि बूथ लेबिल अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न करा दिया जाय साथ ही मतदान केन्द्रों का भी सत्यापन कर लिया जाय ताकि पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाये। डीएम ने सुझाव दिया कि अधिक से अधिक अर्ह युवक-युवतियों को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से शिक्षण संस्थाओं से छात्र-छात्राओं की सूची प्राप्त कर तद्नुसार कार्यवाही की जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित लिंगानुपात को भी मेनेटेन करने के लिए महिलाओं एवं युवाओं का नाम शामिल करने पर विशेष फोकस किया जाय। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह, कैसरगंज के महेश कुमार कैथल, महसी के राकेश कुमार मौर्या, पयागपुर के दिनेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर डॉ. पूजा यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक जे.पी. सिंह, ए.डी.ई.ओ. शिखा श्रीवास्तव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: तीन घरों से हजारों की नगदी व लाखों के जेवरात चोरी
Sun, Jun 25, 2023
तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरियां
नकब लगाकर चोरो ने उड़ाया नगदी व जेवर
बहराइच। तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों कैसरगंज, खैरीघाट व रामगांव में चोरों ने चोरियों की घटना को अंजाम दिया है। पशु मित्र के मकान सहित तीन घरों से चोरों ने लाखों की संपत्ति उड़ाई है। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। निरंतर हो रही चोरियों से ग्रामीणों दहशतजदा है। कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुडोनी निवासी हनुमान पुत्र राम अवतार अपने घर का दरवाजा बंद करके बरामदे में सो रहे थे। बीती रात चोरों ने घर के पीछे से दीवार पर चढ़कर घर में घुसकर घर में रखे चार हजार रूपए नकदी, सोने की झुमकी, पायल, हार, मटर माला, बिछिया, अंगूठी, करधनी, चाबी का गुच्छा समेत लाखों का सामान पार कर दिया। पास में दूसरे कमरे में सो रही उसकी बहू जो पैर में जेवर पहने हुए सो रही थी, उसको पैर से निकाल ले गए। चोर मोबाइल भी लेकर फरार हो गए। सुबह जब उसकी बहू ने पीछे का दरवाजा खोला कर देखा तो सन्न रह गई। आनन-फानन में आपबीती अपने सास ससुर से बताइ। परिजनों ने घर का सारा सामान देखा तो घर में रखे बक्शा और नगदी गायब मिला। घर के बाहर बक्शे में सारा सामान बिखरा पड़ा देखा तो सन्न रह गए। इस घटना की सूचना परिजनों ने 112 पर दी। सूचना पाते ही ड्यूटी पर तैनात सिपाही अमरनाथ यादव व दिलीप कुमार वर्मा मौके पर पहुंचकर तहकीकात करने में जुट गए। उधर खैरीघाट थाना क्षेत्र के रामपुर के मजरा सम्मनपुरवा निवासी लालता प्रसाद पशु मित्र हैं। उनकी तैनाती शिवपुर ब्लॉक में है। शनिवार रात में वह धान की नर्सरी की रखवाली के लिए खेत गए थे। तभी ताला तोड़कर चोर घर में घुसे। चोरों ने 35 हजार रूपये नकदी, इनवर्टर, चांदी के जेवरात बर्तन समेत डेढ़ लाख मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब पीड़ित को जानकारी हुई तो उसने कोतवाली में तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। क्षेत्र में निरंतर हो रही चोरियों से व्यापारियों के साथ ग्रामीणों में भय है, लेकिन पुलिस घटनाओं का मुकदमा तक दर्ज नहीं कर रही। वहीं शानिवार देर रात रामगांव थाना क्षेत्र के मोहतनपुरवा ग्राम सभा के मुधापुर निवासी बीरेंद्र कुमार के मकान के एक कमरे की दीवार मे नकब लगाकर बक्शे मे रखा 25000 रुपए नगद, सोने का एक मंगलसूत्र, चांदी की एक पाइजेब सहित जरुरी सामान लेकर फरार हो गये।. चोरी का तब पता चला जब बीरेंद्र की पत्नी रात एक बजे शौच के लिये घर के पीछे केले के खेत मे गयी थी। तभी देखा कि कमरे की पीछे की दीवार कटी है और तीन चार लोग भी मौजूद है। तुरंत घर वालो को बताया। घर वाले इकठ्ठा होकर हो हल्ला मचाया। तो चोर की एक चप्पल व एक लोहे का औजार दीवार काटने वाला छोड़कर भाग गये।
: स्वाट टीम ने खोये हुये लगभग 25 लाख कीमत के कीमती फोन किया बरामद
Sun, Jun 25, 2023
बरामद 100 मोबाइल फोन स्वामियों को वितरित
बहराइच। सर्विलांस/स्वाट टीम द्वारा खोये हुये लगभग 25 लाख कीमत के कीमती फोन बरामद किया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से नागरिकों द्वारा भिन्न-भिन्न तिथियों में खोये हुए कीमती मोबाइल फोन बरामद किये जाने के लिए पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया गया था। जिस पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा द्वारा सर्विलांस सेल को खोये हुए मोबाइल फोन बरामदगी के लिए निर्देशित किया गया था। सर्विलांस सेल द्वारा उक्त आदेश के अनुपालन में मोबाइल फोन स्वामियों के खोये हुए विभिन्न कम्पनियों के कीमती मोबाइल फोन को सकुशल बरामद किया गया। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह द्वारा सर्विलांस सेल के माध्यम से बरामद किए गए ’100 मोबाइल फोन को मोबाइल स्वामियों को वितरित किए गए। जिनकी कीमत लगभग ’2500000’ रुपए है। अपने खोए हुए मोबाइल फोन को पाकर मोबाइल स्वामियों द्वारा पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया गया।