: दिव्यांगों के लिए उपयोगी है विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र
Sun, Jul 2, 2023
बहराइच। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी वी.पी. सत्यार्थी ने बताया कि भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों के हितार्थ यूनिक डिसऐबिलिटी आईडी कार्ड (यूडीआईडी) जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना संचालित की जा रही है। जिसके अन्तर्गत दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड निर्गत किये जाते हैं। श्री सत्यार्थी ने बताया कि यूडीआईडी कार्ड का लाभ यह है कि कार्डधारक दिव्यांगजनों को अनेक दस्तावेज साथ लेकर चलने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि केवल इसी एक कार्ड से उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। भविष्य में सरकारी योजनाओं के लिए पात्र दिव्यांगजनों की पहचान व सत्यापन के लिए यह कार्ड एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा साथ ही यह कार्ड सम्पूर्ण भारत वर्ष में मान्य होगा। दिव्यांगजन अधिकारी ने बताया कि दिव्यांगजन यूडीआईडी कार्ड बनवाये जाने के लिए अपने नज़दीकी लोकवाणी केन्द्र या जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के कार्यालय से सम्पर्क कर अथवा वेबसाइट स्वावलम्बन डाट जीओवी डाट इन पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, एक अदद नवीन फोटोग्राफ तथा मोबाइल नम्बर की आवश्यकता होगी।
: नवीन निर्माण कार्याे को यथाशीघ्र पूर्ण कराकर जनोपयोग में लाया जायः डीएम
Sun, Jul 2, 2023
डीएम की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
बहराइच। प्रोजेक्ट अलंकार योजनान्तर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वृहद मरम्मत, अवस्थापना सुविधाओं का विकास, जीर्णाेद्धार तथा पुनर्निर्माण एवं अनुरक्षण सम्बन्धी कार्याे के लिए शासन द्वारा नामित कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ अयोध्या एवं डीएम द्वारा नामित कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत आगणन रिपोर्ट के अनुमोदन के लिए आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ अयोध्या द्वारा प्रस्तुत आगणन रिपोर्ट का लोक निर्माण विभाग से पुनः परीक्षण कराकर तहसील स्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त करते दोबारा जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाय। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग अन्तर्गत प्रोजेक्ट अलंकार योजना तथा अन्य विभागीय योजनाओं के अन्तर्गत स्वीकृत विभिन्न परियोजनाओं, कार्यों आदि की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयो में वर्तमान वित्तीय 2023-24 के साथ-साथ विगत वित्तीय वर्षाे में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान, समग्र शिक्षा अभियान के अन्तर्गत स्वीकृत नवीन निर्माण कार्याे को यथाशीघ्र पूर्ण कराकर जनोपयोग में लाया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, जिला विद्यालय निरीक्षक जे.पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी, डायट प्राचार्य उदय राज, अधि.अभि. लो.नि.वि. अमर सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: न्यायालय के आदेश पर पुलिस फोर्स ने रास्ते से हटवाया अतिक्रमण
Sun, Jul 2, 2023
जरवलरोड, बहराइच। रविवार को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जरवलरोड पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। जानकारी के अनुसार जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तपेसिपाह के लालपुरवा निवासी पेशकार पुत्र राम आसरे, रामावती पत्नी राजबहादुर आदि ग्रामीणों के द्वारा गांव के सार्वजनिक रास्ते पर गांव के ही अन्य लोगों के द्वारा अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत उप जिलाधिकारी कैसरगंज न्यायालय में की गई थी। उप जिलाधिकारी महेश कैथल द्वारा तहसीलदार कैसरगंज को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। बीते एक जून को कैसरगंज तहसीलदार ने न्यायालय में नजरी नक्शा खतौनी व अन्य साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए अवगत कराया कि ग्राम तपेसिपाह में गाटा संख्या 1974 ख आबादी खाते में दर्ज भूमि हैं जिस पर अनिल कुमार, विश्राम, दिनेश कुमार, कृष्ण कुमार के दरवाजे से होते हुए पेशकार, मिल्की राम, विक्रम, रामावती के घर तक का रास्ता है, जिस पर आवागमन होता है। उपरोक्त रास्ते पर ग्रामवासी विश्राम पुत्र सियाराम व अनिल पुत्र घसीटे द्वारा खूटा व नल लगाकर तथा छप्पर रखकर अतिक्रमण किया गया है। न्यायालय ने सुनवाई करते हुए विश्राम, अनिल, कृष्ण कुमार व दिनेश की आपत्ति तथा पेशकार व रामावती द्वारा जवाब आपत्ति आदि का निस्तारण कर जरवलरोड थाना प्रभारी को आदेश दिया कि विश्राम व अनिल द्वारा अनाधिकृत रूप से रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है जिसे तत्काल हटवा कर न्यायालय को अवगत कराया जाए। रविवार को घाघरा घाट चौकी प्रभारी आदित्य कुमार, उप निरीक्षक अनिल कुमार ने भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ गांव में पहुंच कर नायब तहसीलदार पी.पी.गिरी, कानूनगो वाहिद कमाल, लेखपाल राम किशुन, पंकज कुमार की मौजूदगी में रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवा का रास्ता साफ कराया।