: गड्ढ़े में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत
Tue, Jul 25, 2023
बहराइच। मैरिज हाल के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बरसात का पानी भरा था। जिसमें नहाते समय 12 वर्षीय बालक की डूबकर मौत हो गई। ग्राम सभा करीकोट के नारायण टांडा निवासी लोचन का 12 वर्षीय पुत्र अतुल खोदे गए गड्ढे में नहा रहा था। तभी उसकी डूबकर मौत हो गई।
: पुलिस द्वारा चलाया जा रहा 10 दिवसीय जागरुकता अभियान
Tue, Jul 25, 2023
सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की दी गई जानकारियां
गाँवों में ग्राम चौपाल का आयोजन
बहराइच। मिशन शक्ति के तहत थाना जरवलरोड पुलिस द्वारा 10 दिवसीय जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरुप ’“मिशन शक्ति” सम्बन्धी विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा’ के निर्देशन में ’थाना जरवलरोड’ क्षेत्र के गाँवों में ग्राम चौपाल का आयोजन कर प्राथमिकता के आधार पर महिला, बालिकाओं को जागरुक करने के साथ ही महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण कराने के संबंध में ग्राम चौपाल के आयोजन करने की शुरुआत की गई है। अब महिलाओं, बालिकाओं को अपनी समस्या व शिकायत लेकर थाना, पुलिस चौकी व अन्य पुलिस कार्यालय बार-बार नहीं आना पड़ेगा। अपितु स्थानीय पुलिस नियमित अन्तराल पर ग्राम चौपाल के माध्यम से विभिन्न गांवों में उपस्थित होकर महिलाओं, बालिकाओं को जागरुक करने के साथ ही संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। इसी क्रम में रविवार को जनपद के थाना जरवलरोड क्षेत्रांतर्गत ग्रामों में ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों ने प्रतिभाग किया। महिला आरक्षियों सहित पुलिस टीमों द्वारा सीधा संवाद स्थापित कर महिलाओं, बालिकाओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं व शिकायतों के विषय में जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके निस्तारण के लिए तत्काल प्रयास किए गए। चौपाल में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) के तहत महिला सुरक्षा व बचाव संबंधी जानकारी दी गई। शासन द्वारा जारी हेल्प लाइन नम्बर 1090, 112, 1076, 1098, 108 की विस्तृत जानकारी देते हुए संकट के समय इनके प्रयोग हेतु बताया गया। साथ ही विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में बताते हुए इनसे बचने और सतर्क रहने के लिए 1930 हेल्प लाइन नंबर के बारे मे बताते हुए जागरूक कर मो. नंबर तथा सीयूजी नंबर पर संपर्क करने के लिए बताया गया। सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे (कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना, वृद्धा पेंशन योजना, भाग्यलक्ष्मी योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, शादी अनुदान योजना) आदि’ जो उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही है उनके बारे में भी अवगत कराया गया।
: डीएम ने तकनीकी टीम के साथ निर्माण कार्य स्थलों का किया औचक निरीक्षण
Mon, Jul 24, 2023
प्रयुक्त हुई सामग्री की सैम्पुलिंग कर स्टीमेट व पर्ट चार्ट के अनुसार किया जाय मूल्यांकन
कार्य को शीघ्र पूर्ण कराकर वन स्टाप सेण्टर का कराया जाय संचालन
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने नगर के मोहल्ला सलारगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में नवनिर्मित पं दीन दयाल उपाध्याय आश्रय गृह एवं निर्माणाधीन वन स्टाप सेण्टर तथा विकास खण्ड तेजवापुर अन्तर्गत ग्राम यादवपुर में निर्माणाधीन सालिड वेस्ट मैनेजमेन्ट प्लान्ट का तकनीकी टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। तीनों निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान डीएम ने तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि प्रयुक्त हुई सामग्री की सैम्पुलिंग कर स्टीमेट व पर्ट चार्ट के अनुसार मूल्यांकन किया जाय। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में निर्माणाधीन वन स्टाप सेन्टर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह को निर्देश दिया कि संस्था से समन्वय कार्य कर कार्य को शीघ्र पूर्ण कराकर वन स्टाप सेण्टर का संचालन कराया जाय। डीएम ने यह भी कहा कि यदि संस्था द्वारा कार्य पूरा नहीं किया जाता है तो सम्बन्धित कार्यदायी संस्था पैक्सफेड का खाता सीज़ कराने के साथ-साथ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्यवाही की जाय। यहॉ पर तकनीकी टीम को निर्देश दिया गया कि सैम्पुलिंग कर निर्माण कार्य में प्रयुक्त हुई सामग्री का पर्ट चार्ट के अनुसार मूल्यांकन कराएं। इसी परिसर में नवनिर्मित पं दीन दयाल उपाध्याय आश्रय गृह का निरीक्षण करते हुए फर्श का कार्य संतोषजनक न पाये जाने पर कार्यदायी संस्था सी.एण्ड डीएस को निर्देश दिया कि इसकी कमियों को तत्काल दुरूस्त कराएं। यहॉ पर भी तकनीकी टीम को निर्माण सामग्री का नमूना संग्रहीत कर प्रयुक्त की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराये जाने के निर्देश दिये गये। डीएम ने कार्यदायी संस्था को यह भी निर्देश दिया कि तत्काल कमियों को दूर कर भवन हस्तगत करने की कार्यवाही पूर्ण कराएं। विकास खण्ड तेजवापुर अन्तर्गत ग्राम यादवपुर में 969.53 लाख की लागत से निर्माणाधीन 75 टी.पी.डी. म्यूनिसिपल सालिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लान्ट के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मशीन शेड, क्यूरिंग शेड, मानसूचन शेड एवं फिनिश प्रोडक्ट शेड के सुपर स्ट्रक्चर का कार्य प्रगति पर है। जबकि स्क्यिोरिटी रूम एण्ड वेट ब्रिज के फाउण्डेशन का कार्य पूर्ण व सुपर स्ट्रक्चर का कार्य प्रगति पर है। टिपिंग एरिया के फाउण्डेशन का कार्य प्रगति पर है। प्रोसेसिंग एरिया, कम्पोस्ट पैड, मशीन शेड, प्रोडक्ट गोदाम, वेब ब्रिज कम्पलीट सेट, टायलेट ब्लाक, गार्ड रूम, बाउण्ड्रीवाल इत्यादि का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। डीएम ने कार्यदायी संस्था सी एण्ड डीएस को निर्देश दिया कि कार्यस्थल पर यांत्रिक व मैन पावर बढ़ाकर अवशेष कार्य को शीघ्र पूरा कराएं। डीएम ने ई.ओ. नगर पालिका परिषद, बहराइच प्रमिता सिंह को निर्देश दिया कि नियमित रूप से कार्यस्थल का निरीक्षण कर मानक व गुणवत्ता के साथ कार्य को पूर्ण कराएं। यहां पर भी डीएम ने तकनीकी टीम को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया। इस अवसर अधि.अभि. लो.नि.वि. अमर सिंह व तकनीकी टीम के अधिकारी सदस्य, न.पा.परि. बहराइच के सहा.अभि. देवेन्द्र धीमान व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।