: खेल प्रतियोगिता में बालिकाओं का रहा दबदबा
Fri, Sep 22, 2023
खेल प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर माधवपुरी रहा अव्वल
एक बार फिर बालिकाओं ने मारी बाजी
खेल प्रतियोगिता में बालिकाएं पड़ी बालकों पर भारी
बहराइच। संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (सूफीपुरा) में संपन्न हुआ। जिसमें 6 विद्यालयों के लगभग 150 छात्र-छत्राओं ने विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने मां सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांचन कर किया। मुख्य अतिथि श्रीमती शालिनी प्रभाकर ने अपने अनुभव को छात्र-छात्राओं के मध्य साझा करते हुए खेल के उपयोगिता के बारे में विस्तृत चर्चा परिचर्चा किया। छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास कैसे हो इस पर भी प्रकाश डाला। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रबंधक कमलेश कुमार अग्रवाल व सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्राचार्य रवि मोहन शुक्ल के द्वारा मुख्य अतिथि नगर मजिस्टेªट शालिनी प्रभाकर को स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत, अभिनंदन किया गया। खेल प्रतियोगिता में छात्रा निधि सिंह ने 04 गोल्ड मेडल, आँचल चक्रवर्ती ने 02 गोल्ड मैडल, शैल्वी सिंह ने 01 गोल्ड मेडल, ज्योति यादव ने 01 गोल्ड मेडल व प्रमाण पत्र झटककर मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती शालनी प्रभाकर को आश्चर्यचकित कर दिया। भाला फेंक में छात्र शैल प्रताप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल झटकने में कामयाबी हासिल की। छात्र सुधाकर राणा ने भी एक गोल्ड मेडल झटककर जैसे तैसे लड़कों की नाक कटने से इज्जत बचा ली। सभी विजेता भैया बहनों को विशिष्ट अतिथि विभाग प्रचारक अवधेश, जिला प्रचारक अजय, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम नारायण पाण्डेय द्वारा विजयी छात्र-छत्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन कर सम्मानित किया गया। उपरोक्त खेल प्रतियोगिता में 42 भैया-बहनों ने प्रथम स्थान, 36 भैया बहनों ने द्वितीय स्थान तथा 42 भैया-बहनों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पांच विद्यालयों में सरस्वती विद्या मंदिर माधवपुरी ने प्रथम स्थान, सरस्वती विद्या मंदिर राम नारायण मद्धेशिया नानपारा ने द्वितीय स्थान, सरस्वती विद्या मंदिर रामकृष्ण नगर नानपारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष के द्वारा आये हुए सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया। इस अवसर पर खेल प्रमुख सुशील राय सहित अनूप गुप्ता, नीरज शुक्ल, संजीव यादव, जितेंद्र बाजपेयी, विजय अवस्थी, राम चरन शुक्ल, अविनाश सिंह, सहज राम, ऋषि शंकर शर्मा, कौशल किशोर त्रिपाठी उपस्थित रहे।
: एसडीएम, बीडीओ व पशु चिकित्साधिकारी गौआश्रय स्थलों का नियमित रूप से करें निरीक्षण: डीएम
Tue, Sep 19, 2023
प्रत्येक ब्लाक में कैटल कैचर की व्यवस्था कराएं बीडीओ
बहराइच। जनपद में निराश्रित गोवंशों के लिए संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को देरशाम कलेकट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने समस्त एसडीएम, बीडीओ व पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशालाओं का नियमित अन्तराल पर निरीक्षण करें तथा प्रत्येक माह किये निरीक्षणों की आख्या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को उपलब्ध कराएं। खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ब्लाकों पर कैटल कैचर की व्यवस्था की जाए तथा जिन गौशालयों में विद्युत की व्यवस्था नहीं है वहां पर प्रकाश के लिए वैकल्पिक प्रबन्ध के साथ-साथ सीसीटीवी का प्रबन्ध किया जाय ताकि बेहतर ढंग से मॉनीटरिंग की जा सके। खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गौआश्रय स्थलों की बाउण्ड्रीवाल का निर्माण आर.सी.सी. पिलर के साथ कराये जाने तथा गौआश्रय स्थल तक जाने वाले मार्गों पर खड़न्जा लगवाये जाने का निर्देश दिया गया। सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के लक्ष्य को समय से पूरा कराएं। मुख्यमंत्री प्रगतिशील प्रोत्साहन योजना के तहत गौशाला में उपलब्ध गोबर तथा गौमूत्र के व्यवसायीकरण हेतु कार्ययोजना तैयार की जाय। बैठक के दौरान डीएम ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि दूसरे जनपदों के गोवंशों को जनपद में छोड़े जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों के थानाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि दूसरे जनपदों के निराश्रित गोवंशों को जिले में न छोड़ा जाय। आसन्न बारावफात त्यौहार के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के सम्बन्ध में डीएम ने एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल के माकूल बन्दोबस्त करा लिये जायें। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील अन्तर्गत भू-आवंटन के लक्ष्य को पूर्ण करें तथा वादों के निस्तारण किसी भी दशा में दायरा से कम नहीं होना चाहिए। डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान संचालित पांच वर्ष से अधिक अवधि के लम्बित वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण कराएं। डीएम ने आय, जाति, निवास व पेंशन से सम्बन्धित प्रकरणों का समयबद्धता के साथ निस्तारण करें तथा निर्विवाद वरासत के प्रकरणों को भी समय से इन्द्राज कराया जाय। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया आईजीआरएस सहित अन्य स्तर से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाय। किसी भी दशा में कोई संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं आना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर डॉ. पूजा यादव, पयागपुर के दिनेश कुमार, मिहींपुरवा (मोतीपुर) के संजय कुमार व महसी के राकेश मौर्या, उपायुक्त एमआरएलएम रामेन्द्र कुशवाहा व मनरेगा के के.डी. गोस्वामी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद व उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा थानाध्यक्षगण मौजूद रहे।
: गुण्डा एक्ट के तहत 09 अपराधी हुए जिला बदर
Tue, Sep 19, 2023
11 व्यक्तियों को 06 माह तक उपस्थिति दर्ज कराने हेतु किया गया पाबन्द
बहराइच। जनपद में विधि व्यवस्था एवं लोक परिशान्ति सहित लोक व्यवस्था व जनसुरक्षा कायम रखने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट मोनिका रानी द्वारा 09 अपराधियों के विरूद्ध धारा 3(1) गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 06 माह के लिए जनपद से जिला बदर कर दिया गया है। इसके अलावा 11 व्यक्तियों को अपने सम्बन्धित थानें में प्रत्येक माह आगामी 06 माह तक उपस्थिति दर्ज कराये जाने के आदेश दिये गये हैं। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना रामगावं अन्तर्गत ग्राम लौकना नि. मो. फुरकान पुत्र गोबरे व मतीन पुत्र बहदू उर्फ अकबर अली, थाना मोतीपुर के ग्राम मिश्रीपुरवा दा. सर्रामुन्दरी नि. संजय पुत्र ठाकुर, थाना बौण्डी के ग्राम बिसवा बगिया नि. गुड्डी पुत्र बाबादीन, थाना रिसिया के ग्राम सिख्खनपुरवा दा. गोकुलपुर नि. राम सिंह पुत्र बच्चन सिंह व थाना फखरपुर अन्तर्गत ग्राम परशुरामपुर नि. मुईद बेग पुत्र बिल्लू बेग, तौसिब बेग पुत्र मुजीब बेग, गुड़डू उर्फ मोहसिन बेग पुत्र मोईन बेग व कादिर बेग पुत्र नाज़िर बेग को 06 माह के जिला बदर किया गया है। इसके अलावा थाना रामगांव अन्तर्गत ग्राम खैराधौकल नि. छब्बन खां पुत्र इब्राहीम, थाना फखरपुर के ग्राम केवलीपुरवा दा. टेण्डवामहन्त नि. मनोज पुत्र राम मिलन व श्यामू पुत्र कर्ताराम, थाना कोतवाली नानपारा के ग्राम मोतीपुरसिंहपुरवा नि. मनोज पुत्र मिहीलाल, थाना विशेश्वरगंज के ग्राम लक्खारामपुर नि. शिवप्रसाद दुबे पुत्र रामफेरे, रामकुमार उर्फ शिव कुमार पुत्र रामफेरे व रामानन्द पुत्र राम कुमार, ग्राम प्रतापपुर तरहर नि. शिव कुमार पाण्डेय पुत्र अयोध्या प्रसाद, थाना खैरीघाट के ग्राम एकघरा नि. भोलानाथ पुत्र रामहरख, थाना रिसिया के मो. राजेन्द्रनगर सिसई सलोन नि. सरीफुतद्दीन पुत्र बुद्धू पठान उर्फ सलीमुद्दीन, थाना मोतीपुर के ग्राम दौलतपुर नि. शकील पुत्र मोहम्मद शफी को जिला मजिस्ट्रेट द्वारा निर्देश दिया गया है कि अपने से सम्बन्धित थाने में आगामी छः माह तक प्रत्येक माह उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करेंगे।