: डीएम व एसपी ने किया भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र का भ्रमण
Wed, Oct 4, 2023
रूपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून एवं शान्ति व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, उप जिला मजिस्ट्रेट नानपारा अजित परेश, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा राहुल पाण्डेय व अन्य के साथ रूपईडीहा का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान डीएम व एसपी ने रूपईडीहा थाने में एसएसबी. की 42वीं बटालियन के कमाण्डेन्ट गंगा सिंह उदावत, थानाध्यक्ष रूपईहीडा शमशेर बहादुर सिंह से कानून एवं शान्ति व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए सीमावर्मी क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश दिये। जिले के सभी प्रमुख अधिकारीगण सहित सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने भारत नेपाल सीमा पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती थाना जमुनहा इंचार्ज मीन बहादुर बिष्ट से नेपाल के बारे में जानकारी प्राप्त की। श्री बिष्ट ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि नेपाल में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। स्थिति पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। नेपाल के बांके जिला में कर्फ्यू जारी है। नेपाल में फंसे भारतीयों को सुरक्षा में लाकर सीमा पार छोड़ दिया जाता है और नेपाली लोगों को जो भारत से नेपाल जाना चाहते हैं उनको भी सुरक्षित बसों में गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रतिदिन इस्तेमाल होने वाले पेट्रोलियम पदार्थ, सब्जी के माल वाहक वाहन को जाने दिया जा रहा है। अन्य किसी वाहन को जाने की इजाजत नहीं है। इसके उपरान्त डीएम व एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ सीमावर्ती क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायज़ा लिया तथा सुरक्षा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को चौकसी बरतने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान डीएम ने रूपईडीहा मुंशीपुरवा ग्राम बीओपी श्रीनगर समतलिया अन्य ज़िला मार्ग एवं सीमा पर निर्मित होने वाले प्रवेश द्वार के बारे में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियन्ता जितेन्द्र कुमार से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
: एसओएस टाइगर ने हाथी महाभोज का किया आयोजन
Wed, Oct 4, 2023
हथिनी जयमाला व चम्पाकली को भोजन में परोसे गए फल
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत हुआ आयोजन
बहराइच। कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के कतर्नियाघाट रेंज परिसर में एसओएस टाइगर द्वारा वन्य प्राणी सप्ताह के तहत हाथी महाभोज का आयोजन किया गया। अध्यक्ष फैज मोहम्मद खान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हथिनी जयमाला और चम्पाकली के सामने तरह-तरह के फल सेब, केला, गन्ना आदि भोजन के रूप में परोसे गए। भोजन की शुरुआत एसडीओ रमेश चौहान के हाथों की गई। जिन्होंने हथिनियों को अपने हाथों से फल खिलाकर उनके भोजन की शुरुआत कराई। इसके साथ ही डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के कोऑर्डिनेटर मुदित गुप्ता, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन व फील्ड सहायक मंसूर अली समेत वन विभाग की टीम मौजूद रही। विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, एसएसबी जवान आदि के हाथों से हथिनियों को भोजन कराया गया। इस दौरान एसओएस टाइगर से मो. आलमीन, न्यूज संस्था राजा हसन, रेंजर निशानगाड़ा ताराशंकर यादव, रेंजर रतनेश यादव, रोहित यादव, मोबीन आरिफ, मयंक पांडेय, एसएसबी 70वी बटालियन कतर्नियाघाट के इंस्पेक्टर अब्दुल्लाह खान, महावत मोहर्रम अली, विनोद कुमार व डॉग हैंडलर अन्नू शुक्ला, हीरालाल यादव आदि मौजूद रहे।
: डीएम की अध्यक्षता में जिला भूगर्भ जल प्रबन्धन परिषद की बैठक सम्पन्न
Tue, Oct 3, 2023
बहराइच। भू-गर्भ जल प्रबन्धन एवं विनियमन अधिनियम 2019 के अन्तर्गत विविध प्राविधानों के क्रियान्वयन के लिए विकासित किये गये आनलाइन वेब पोर्टल यूपीजीडब्ल्यूडी आनलाइन डाट इन पर 23 सितम्बर तक विधिमान कूप की बोरिंग हेतु प्राधिकार एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र नवीनीकरण एवं ड्रेलिंग एजेन्सी के पंजीकरण हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों के निस्तारण के सम्बंध में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला भूगर्भ जल प्रबन्धन परिषद बैठक की अध्यक्षता करती हुई जिलाधिकारी मोनिका रानी ने हाइड्रोलाजिस्ट एवं परिषद के नोडल अधिकारी अजीत कुमार कन्नौजिया को निर्देश दिया कि भू-गर्भ जल प्रबन्धन एवं विनियमन अधिनियम 2019 के प्राविधानों एवं सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के गाइडलाइन के अनुसार समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए तथा आवश्यक अभिलेख सम्बन्धित आवेदकों से आवश्यक अभिलेख प्राप्त करते हुए पुनः बैठक आयोजित करायी जाय। बैठक के दौरान चीनीमिल नानपारा द्वारा जल उपयोग से सम्बन्धित आवेदन पत्र पर आवश्यक विचार-विमर्श के साथ नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच संजय शर्मा, उपायुक्त उद्योग डॉ केशवराम वर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी सिचाई आकांक्षा यादव, सहायक अभियन्ता लघु सिचाई मंशाराम मौर्या सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।