: महिला व बाल अपराध के प्रति किया गया जागरूक
Tue, Oct 17, 2023
जरवलरोड, बहराइच। शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिला सशक्तिकरण व जागरूकता के लिए मिशन शक्ति फेज 4 के तहत जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा पंडालों, ठाकुर भगवती सिंह किसान इंटर कॉलेज जरवलरोड कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जरवल कस्बा, जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज व फातिमा गर्ल्स इंटर कॉलेज जरवल में प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड दद्दन सिंह की उपस्थिति में महिलाओं, छात्र-छात्राओं व आमजन मानस को पंपलेट वितरण करते हुए सरकार द्वारा जारी महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड लाइन हेल्पलाइन नम्बर 1098, सीएम हेल्पलाइन 1076 व 112, 108 के बारे में बताते हुए महिला व बाल अपराध के प्रति जागरूक किया गया । इस दौरान उप निरीक्षक राणा राज सिंह, महिला आरक्षी रुचि पांडे, हेमलता सिंह, श्रद्धा यादव, सरोज वर्मा, पुरुष आरक्षी अरुण कुमार यादव, प्रधानाचार्य ठाकुर भगवती सिंह इ कालेज के विनोद मिश्रा, जय जवान के मोहम्मद अम्मार अंसारी, फातिमा गर्ल्स कॉलेज की तरन्नुम अकरम, प्रवक्ता कुंवर आनंद प्रताप सिंह, अशोक कुमार, महेंद्र पाल, ओम प्रकाश गुप्ता सहित काफी संख्या में महिलाएं, छात्राएं व आम नागरिक उपस्थित रहे।
: पराली तथा फसल अवशेष का बेहतर प्रबन्धन से अतिरिक्त आय अर्जित करें किसान: विधायक नानपारा
Mon, Oct 16, 2023
पराली प्रबन्धन प्रचार वाहन को दिखाई हरी झण्डी
बहराइच। खेतों में फसल अवशेष न जलाने तथा फसल अवशेषों के बेहतर प्रबन्धन से अजिरिक्त आय अर्जित करने हेतु जिले के कृषकों को जागरूक करने के उद्देश्य से विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने तहसील नानपारा परिसर से कृषि विभाग के पराली प्रबन्धन जागरूकता वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नानपारा अजीत परेश, तहसीलदार प्रद्युम्न पटेल, एसडीएईओ नानपारा सुधीर कुमार मिश्रा, प्रभारी राजकीय कृषि बीज भण्डार नानपारा अमर सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए राम प्रकाश मौर्या, प्रगतिशील कृषक बालकराम, सुनील कुमार व अन्य कृषक तथा तहसील व कृषि विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। यह प्रचार वाहन विकास खण्ड रिसिया, बलहा, नवाबगंज, मिहींपुरवा व शिवपुर के दूरदराज़ क्षेत्रों में जाकर कृषकों को खेतों में पराली न जलाने तथा फसल अवशेषों के बेहतर प्रबन्धन हेतु जागरूक करेगा। जागरूकता वाहन को रवाना करते हुए विधायक नानपारा श्री वर्मा ने बताया कि पराली जलाने से जहां एक ओर पर्यावरण प्रदूषित होता है वहीं दूसरी ओर भूमि की उर्वरा शक्ति भी नष्ट हो जाती है। जिससे उत्पादन में भी गिरावट होने से कम मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त होने के अलावा मवेशियों के लिए चारे की भी समस्या उत्पन्न हो जाती है। विधायक श्री वर्मा ने जिले के कृषकों से अपील की कि पराली व फसल अवशेष को खेतों में कदापि न जलाये बल्कि इसका बेहतर प्रबन्धन कम्पोस्ट खाद तैयार करें इससे अच्छी फसल के साथ साथ ज़मीन की सेहत में भी सुधार होगा। इस अवसर पर उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी नानपारा श्री मिश्र ने उपस्थित किसानों को बताया कि पराली को आग के हवाले करने से भूमि के साथ-साथ मानव स्वासथ्य व पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाना राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एन.जी.टी.) द्वारा दण्डनीय अपराध घोषित किया गया है। पराली जलाने पर दो एकड़ से कम क्षेत्र के लिए रू. 2,500, दो से पांच एकड़ ़ क्षेत्र के लिए रू. 5,000 तथा पांच एकड़ से अधिक क्षेत्र में पराली जलाने पर किसान से रू. 15,000 तक पर्यावरण कम्पेनशेसन धनराशि की वसूली की जा सकती है।
: कार की ठोकर से बाइक सवार पुत्र की मौत, मां गंभीर रूप से घायल
Mon, Oct 16, 2023
बहराइच। बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर जरवल कटी के पास बाइक व कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाराबंकी जनपद के सहादतगंज निवासी तनु तिवारी (30) बाइक से अपनी मां उषा तिवारी को लेकर बहराइच आए थे। सोमवार शाम को वह पुनः वापस अपने घर जा रहे थे। लखनऊ बहराइच मार्ग पर कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के जरवल कटी के पास बाइक सवार के लखनऊ की ओर से आ रही कार से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तनु तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां उषा तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। कैसरगंज कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी।