: आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस का न हो दुरूपयोगः एसपी
Sun, Feb 4, 2024
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी के तेवर देख थाना प्रभारियों में हड़कम्प
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपनी पहली अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी के दौरान उपस्थित थाना प्रभारियों के पेंच कसे गए तथा लापरवाही पर फटकार भी लगाई। एसपी ने आईजीआरएस व संबंधित प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण हेतु तथा जांच की गुणवत्ता को बढ़ाने और जनपदवासियों के असंतुष्ट फीडबैक को कम करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। थानाध्यक्षों को भी बताया गया कि अपने थाना क्षेत्र में नियमित रूप से क्रियाशील 112 के वाहनों पर सादे वस्त्रों में ड्यूटी लगाकर उनकी लोकेशन पर निगरानी रखें। जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। कड़ी हिदायत दी गई कि कम से कम शिकायतकर्ताओं को दूरस्थ स्थान से जनपद मुख्यालय आने की आवश्यकता पड़नी चाहिए। यदि थानाध्यक्ष किसी कारणवश थाना छोड़कर दिन के समय बाहर जा रहे हैं तो नाम से किसी जनशिकायत अधिकारी की नियुक्ति शिफ्टवार की जानी चाहिए जोकि थाने पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का निवारण कर सके। एनबीडब्ल्यू का समय से शत-प्रतिशत तामिला कराने हेतु सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए व साप्ताहिक रूप से इसकी समीक्षा की जाए तथा जो भी थानाध्यक्ष 50 प्रतिशत से कम तामिला करेगा उसके विरुद्ध स्वतः दंडात्मक कार्यवाही की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। साथ ही अपराध गोष्ठी में पुलिस मुख्यालय द्वारा नव संचालित क्राइम एनालिटिक्स पोर्टल का प्रस्तुतीकरण व प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सभी थानों में लंबित चोरी के प्रकरणों को गंभीरतापूर्वक लेकर उनके खुलासा करने हेतु निर्देश दिए गए। मुख्य चोरी के प्रकरणों पर चर्चा की गई तथा अब तक की प्रगति के संबंध में थानाध्यक्ष से पूछताछ तथा जल्द से जल्द रिकवरी करने के संबंध में निर्देश दिए गए। पुरस्कार घोषित इनामी अपराधियों पर विशेष टीम का गठन कर समयबद्ध रूप से उनकी गिरफ्तारी करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। किसी भी निरोधात्मक कार्यवाही में किसी बेगुनाह को भेजने के विरुद्ध भी शख्त निर्देश दिए गए साथ ही आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट आदि का दुरुपयोग न करने के संबंध में थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया। महिला संबंधी अपराधों में विशेष सतर्कता तथा संवेदनशीलता बरतने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। पीड़िताओं को डराने धमकाने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत पड़ने वाले उलझे हुए तथा गंभीर प्रवृत्ति के जमीनी विवाद चिन्हित कर ले जिनमें समयबद्ध रूप से राजस्व के साथ टीम गठित कर निस्तारण करना आवश्यक है ताकि भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक घटना को रोका जा सके उसकी सूची तैयार कर समीक्षा हेतु रखी जाए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
: एसपी ने किया मोतीपुर थाने का औचक निरीक्षण
Sat, Feb 3, 2024
व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा थाना मोतीपुर का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर जाकर महिला हेल्पडेस्क पर प्रार्थना पत्रों की पेंडेंसी की समीक्षा की गई व सभी प्रार्थना पत्रों को रजिस्टर पर चढ़ाकर उन पर विधिवत कार्यवाही के उपरांत फीडबैक लेने के लिए थाना प्रभारी को आदेशित किया गया। साथ ही महिला आगंतुकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था तथा शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया गया। माल मुकदमाती को क्रमवार तथा वर्षवार लगाने के लिए बताया गया एवं आकस्मिक रूप से पुराने मालों को खोज कर दिखलाने के लिए बताया गया और निस्तारित प्रार्थना पत्रों में फोन करके फीडबैक लिया गया। मैस में साफ.सफाई तथा एक फिक्स मेनू के तहत खाना बनाने के लिए कहा गया। थाने पर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई एवं उनमें से लंबित गंभीर अपराधों में त्वरित खुलासे हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। थाने के समस्त स्टाफ को उच्च कोटि की कार्यशैली रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए जिससे आने वाले शिकायतकर्ता संतुष्ट हों तथा उन्हें जनपद मुख्यालय आने की कम से कम आवश्यकता पड़े। एसपी द्वारा महिला हेल्प डेस्क पर कुछ पूर्व की महिला शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर पुलिस द्वारा प्रदान की गई सेवाओं से संतुष्टि के संबंध में स्वयं फीडबैक लिया गया। इस दौरान थाना प्रभारी दद्दन सिंह सहित अन्य पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
: बाढ़ व कटान पीड़ितों की झोपड़ियों को दबंगों ने उजाड़ा
Sat, Feb 3, 2024
तहसील व पुलिस को शिकायत के बावजूद भी नहीं हुई कार्रवाई
नानपारा के ग्राम बंजरियां का मामला
बहराइच। कटान व बाढ़ पीड़ितों द्वारा ग्राम समाज के जमीन पर बनाई गई झोपड़ियों को दबंगों द्वारा उजाड़ कर कब्जा कर लिया गया है। पीड़ितों द्वारा स्थानीय थाने व उप जिलाधिकारी को शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस पर पीड़ितों द्वारा पुलिस महानिदेशक को शिकायत कर दबंगों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामला तहसील व कोतवाली नानपारा अन्तर्गत ग्राम बंजरियां का है। जहां के निवासी वीर सिंह पुत्र नंद किशोर सिंह, मदन सिंह पुत्र उत्तम सिंह, सुबास सिंह पुत्र कन्साराम, जुगरा देवी बेवा स्व.बाबादीन व विशाल सिंह पुत्र राधेश्याम का कहना है कि वह सभी बाढ़ व कटान पीड़ित है। यह सभी बीते 30 वर्षों से ग्राम समाज की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे है। पीड़ित वीर सिंह का आरोप है कि कुछ दबंगों ने जमीन पर बनी झोपड़ियों को उजाड़ दिया तथा उस पर जबरन कब्जा कर लिया है। आरोप यह भी है कि उनमें से एक तहसील नानपारा में अधिवक्ता है। जिसके चलते उप जिलाधिकारी को शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़ितों का कहना है कि अधिवक्ता अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तहसील प्रशासन व पुलिस पर दबाव बनाये हुए है। जिसके चलते पुलिस व तहसील प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। पीड़ितों ने बताया कि दबंगों ने धमकी दी है कि यदि कही भी शिकायत किया तो मुकदमा लिखवाकर सभी को जेल भेज देगे। पीड़ितों का कहना है कि यदि दबंगों के विरूद्ध कार्रवाई न हुई तो आगामी 8 फरवरी को कलेक्टेªट स्थित धरना स्थल पर अनशन शुरू कर दिया जायेगा। वहीं मामले में उप जिलाधिकारी नानपारा द्वारा लेखपाल को जांच के लिए निर्देशित किया गया है। जबकि प्रभारी निरीक्षक नानपारा का कहना है कि जिनके विरूद्ध आरोप लगाये जा रहे है उनके पास जमीन का बैनामा है।