: शहर के सुमैया माल से पत्रकार की बाइक चोरी
Sun, May 19, 2024
बहराइच। शहर के कोतवाली नगर स्थित सुमैया माल में मोबाइल खरीदने गए पत्रकार की बाइक चोरों ने उड़ा दी। तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं लग सका। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी है। गौरतलब हो कि जिले के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार कुंवर दिवाकर सिंह शनिवार शाम अपनी बाइक से शहर के सुमैया मॉल में मोबाइल खरीदने गए थे। जहां बाहर बाइक खड़ी कर वह अंदर मोबाइल खरीदने लगे। तभी उनकी पैशन प्रो सिल्वर कलर बाइक चोरों ने उड़ा दी। घटना के बाद सीसी टीवी फुटेज में बाइक चोर भी नजर आ रहा है। कुछ देर बाइक पर बैठने के बाद वह बाइक लेकर चला गया।
: जिले की कैसरगंज लोकसभा के लिए मतदान आज
Sun, May 19, 2024
गल्ला मण्डी से रवाना हुई पोलिग पार्टियां
कैसरगंज व पयागपुर विधानसभाओं के कुल 777089 मतदाता करेगे मताधिकार का प्रयोग
डीएम व एसपी ने मतदान कर्मिकों को दिया हौसला अफजाई संदेश
बहराइच। लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के तहत जिले की कैसरगंज लोकसभा में आज होने वाले चुनाव को लेकर रविवार को शहर के गल्ला मण्डी से पोलिग पार्टियां रवाना हुई। जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला व सामान्य प्रेक्षक निधि निवेदिता द्वारा पोलिग पार्टियों को रवाना किया गया। सुबह से अधिकारियों का जमावड़ा गल्ला मण्डी परिसर में लगा रहा और वे पोलिग पार्टी रवाना होने की गतिविधियों का जायजा लेती रही। दोपहर बाद तक पोलिग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होती रही। ज्ञातव्य हो कि जिले की कैसरगंज लोकसभा के लिए आज मतदान होना है। इस लोकसभा में जिले की पयागपुर व कैसरगंज विधानसभा आती है। जबकि गोण्डा जनपद की करनैलगंज, कटरा व तरबगंज विधानसभाएं भी इसी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला द्वारा मतदान कार्मिको को यह संदेश दिया गया कि निर्भीकता के साथ मतदान केन्द्रों पर जाकर आयोग की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराये। किसी भी समस्या के लिए प्रशासन आपके साथ है। ज्ञातव्य हो कि लोकसभा कैसरगंज अन्तर्गत विधानसभा पयागपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 387399 है। जिसमें से पुरूष मतदाताओं की संख्या 204829, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 182554 है। 16 अन्य मतदाता भी है। चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए 419 मतदेय स्थल बनाये गए है। जबकि 254 मतदान केन्द्र है। चुनाव की निगरानी के लिए दो सुपर जोनल आफीसर, जोनल आफीसर तीन, सहायक जोनल आफीसर दस तथा 36 सेक्टर आफीसर तैनात किए गए है। वहीं क्रिटिकल मतदेय स्थल 85 है। जबकि निगरानी के लिए 85 माइक्रोआर्ब्जवर की तैनाती की गई है। वहीं विधानसभा कैसरगंज में कुल मतदाताओं की संख्या 389690 है। जिसमें पुरूष मतदाता 206010, जबकि महिला मतदाता 183676 है। चार अन्य मतदाता भी है। कुल 384 मतदेय स्थल तथा 250 मतदान केन्द्र बनाये गए है। चुनाव के लिए दो सुपर जोनल आफीसर, तीन जोनल आफीसर तथा नौ सहायक जोनल आफीसर तैनात किए गए है। वहीं 31 सेक्टर आफीसरों की तैनाती की गई है। कुल क्रिटिकल मतदेय स्थलों की संख्या 76 है। जबकि इतने ही माइक्रोआर्ब्जवर की तैनाती की गई है।
: याद आयो मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजन
Sun, May 19, 2024
रुपईडीहा, बहराइच। ‘हेल्थ याद आयो‘ नामक निजी क्षेत्र की संस्था द्वारा काठमांडू महानगरपालिका के तहत वार्ड नंबर 14 बाफल स्थित कोहिनूर हिल कॉलोनी में शनिवार को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, परीक्षण और लैब परीक्षण सेवाएं कॉलोनी और आसपास के निवासियों को प्रदान किया गया। इस शिविर में कालोनी के आवास गृहों के लगभग शत प्रतिशत निवासियों ने विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं लीं। शिविर में लोगो का मधुमेह, यूरिक एसिड, रक्तचाप, चर्मरोग, दंतरोग आदि का परीक्षण किया गया। ललितपुर एकांत कुना स्थित शोवा हेल्थ केयर सेंटर और लाइफ क्वेस्ट क्लिनिकल लैब के सहयोग से संचालित इस शिविर में मधुमेह, यूरिक एसिड, रक्तचाप और दंतरोग की जांच निःशुल्क की गई। जबकि अत्याधुनिक स्किन एनालाइजर मशीन द्वारा चर्म संबंधी रोगों की जांच की गई। सिविल में मासूम बच्चों को लेकर पहुंचे सभी लोगों का परीक्षण किया गया। वीडियो के माध्यम से विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रोगों के बारे में जागरूकता व्याख्यान दिए। ‘हेल्थ याद आयो‘ के प्रबंध निदेशक पूर्ण लाल चुके के पुत्र प्रज्वल चुके ने शिविर में आए सेवाग्राहियों को मोबाइल ऐप डाउनलोड करने, चलाने के तरीके और इसके माध्यम से देश और विदेश के विभिन्न रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श सेवा लेने के बारे में जानकारी दी। इस शिविर के पूरे अवधि के दौरान समन्वयकारी भूमिका निभाने वाले कोहिनूर हिल कॉलोनी संचालन समिति के पूर्व अध्यक्ष और गोरखापत्र दैनिक तथा नेपाल टेलीविजन के पूर्व वरिष्ठ पत्रकार पूर्णलाल चुके सहित अन्य अग्रजों की सहभागिता रही। शिविर में ‘हेल्थ याद आयो‘ की ओर से लैब प्रमुख जीवन तिवारी, फार्मासिस्ट विवेक थापा, अनीश श्रेष्ठ और सिमन प्रसाद सहित अन्य ने रक्त संग्रहण और परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। सहयोगी शोवा हेल्थ केयर सेंटर की ओर से दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वीकृति सुवेदी, सानु तामांग, आर्या चित्रकार और रचना सिलवाल ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। जबकि लाइफ क्वेस्ट क्लीनिकल लैब के विशाल नेपाल और लैब असिस्टेंट सविना रावल ने रक्त संग्रहण और परीक्षण सेवाएं प्रदान कीं।