: नहर में डूबे युवक का शव बरामद
Mon, Jul 1, 2024
बहराइच। नहर में नहाते समय डूबे युवक का शव दूसरे दिन घटना स्थल से कुछ दूरी पर उतराता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया। गौरतलब हो कि विशेश्वरगंज थानान्तर्गत ग्राम गुजरा के बेहननपुरवा निवासी अजमत अली 23 वर्ष रविवार को थाना हुजूरपुर के निकट सहसलमपुर के निकट सरयू नहर शाखा में अन्य दोस्तों के साथ नहा रहा था। तभी नहाते समय वह डूब गया था। लोगों ने तलाश की पर उसका शव नहीं मिल सका था। दूसरे दिन हुजूरपुर पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से शव की तलाश करायी गई थी पर शव नहीं मिल सका था। दूसरे दिन घटना स्थल से चार किलोमीटर दूर ठाकुररामपुरवा के निकट शव उतराता दिखा। जिस पर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। युवक की एक माह पूर्व ही शादी हुई थी।
: संविलियन विद्यालय यादवपुर में नव प्रवेशी छात्रों का डीएम ने किया स्वागत
Mon, Jul 1, 2024
रोली टीका लगाकर डीएम ने बच्चों को दिया आशीर्वाद
सुसज्जित लैब, स्मार्ट क्लास व पुस्कालय की हुई सराहना
विद्यालय की ओवर आल व्यवस्थाओं से प्रसन्न दिखी डीएम
कम बैक सून मैम, कहकर बच्चों ने डीएम को दी विदाई
बहराइच। विकास खण्ड तेजवापुर अन्तर्गत संविलियन विद्यालय यादवपुर पहुंचकर जिलाधिकारी मोनिका रानी ने स्कूल चलो अभियान अन्तर्गत कक्षा 01 में नव प्रवेशित बच्चों को रोली टीका लगाकर आशीर्वाद दिया तथा खीर खिलाकर स्वागत किया। संविलियन विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए डीएम ने स्मार्ट क्लास, किचन गार्डन, रसोई, शौचालय, पुस्तकालय, लैब, रेन वाटर हार्वेस्टिंग यूनिट, निष्प्रयोज्य सामग्री से तैयार मॉडल के साथ-साथ कक्ष-कक्षों तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का जायज़ा लिया। स्मार्ट क्लास के निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश पाण्डेय से विजुअल इफेक्ट के माध्यम से बच्चों पर पड़ने वाले इम्पैक्ट के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुस्कालय तथा लैब की विविधता को देखकर डीएम द्वारा शिक्षण स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय की ओवर ऑल व्यवस्थाओं से प्रसन्न दिखी डीएम मोनिका रानी ने प्रधानाध्यापक सहित समस्त शिक्षण स्टाफ की लगनशीलता की सराहना करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी को निर्देश दिया कि उचित मंच पर प्रधानाध्यापक श्री पाण्डेय को आमंत्रित व्याचयान के माध्यम से जिले के दूसरे परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में प्रेरित किया जाय। इस अवसर पर शिक्षक संतोष कुमार, वर्तिका मिश्रा, मनोज रावत सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहें।
: जनपद में ‘‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’’ माह का हुआ शुभारम्भ
Mon, Jul 1, 2024
एमएलसी व डीएम ने हरी झण्डी दिखाकर सारथी वाहनांे को किया रवाना
बहराइच। जिला स्वास्थ्य समिति बहराइच के तत्वावधान में जनपद बहराइच में 01 से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले ‘‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान‘‘ के प्रति आमजन में जन-जागरूकता लाये जाने के उद्देश्य से एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कलेक्ट्रेट परिसर से ‘‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान रैली’’ में सम्मिलित सारथी वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर प्रभारी सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, सीवीओ डॉ. राजेश उपाध्याय, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर, डीपीएम एनएचएम सरयू खान, डीएचईआईओ बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। इस अवसर पर डीएम ने बताया कि दिमागी बुखार एक जानलेवा बीमारी है। यह मच्छरों के काटने एवं दूषित पानी का उपयोग खाना बनाने एवं पीने में करने से फैलती है। अधिकांशतः 15 वर्ष की आयु तक के बच्चे इस रोग से ग्रसित होते हैं। उन्होंने बताया कि अचानक तेज़ बुखार आना, मरीज़ के व्यवहार में अचानक परिवर्तन आना, मरीज़ का पूरी तरह होशो हवास में न होना तथा मरीज़ को पहली बार झटके आना दिमागी बुखार/नवकी बिमारी के लक्षण हैं। यदि किसी व्यक्ति में ऐसे लक्षण दिखाई दे तो उसे तुरन्त सरकारी अस्पताल/स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जायें। डीएम ने लोगों से अपील की कि पाईप पेयजल योजना के नल के पानी का उपयोग खाना बनाने एवं पीने में करें। जापानीज़ इन्सेफेलाइटिस (जे.ई.) विषाणु से बचाव के लिए बच्चों को दिमागी बुखार का टीका अवश्य लगवायें। दिमागी बुखार के सम्बन्ध में अपने नज़दीकी अस्पताल/स्वास्थ्य केन्द्र से तत्काल सम्पर्क करें।