: माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से पूरी सख्ती के साथ निपटा जायेगाः डीएम
Fri, Jul 5, 2024
सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं त्यौहार
पारम्परिक मार्गाे से ही निकाला जाये जुलूस
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की रहेगी तैनाती
डीएम की अध्यंक्षता में सम्पन्न हुई जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक
बहराइच। मोहर्रम, श्रावण मास तथा कांवड़ यात्रा के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से वृहस्पतिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक में जिलाधिकारी मोनिका रानी ने मौजूद धर्मगुरूओं, गणमान्य व संभ्रान्तजन से अपील की कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में पराम्परागत ढंग से आन्न त्यौहारों को मनायें। शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में यदि कहीं से कोई भी सूचना प्राप्त हो तो उसे जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लाए। डीएम व पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला ने कहा कि जिले के अम्नो-अमान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से पूरी सख्ती के साथ निपटा जायेगा। डीएम व एसपी ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से पूर्व की भांति आगामी त्यौहार भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे। डीएम व एसपी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान सभी लोग ऐसा आचरण रखें जिससे किसी दूसरे व्यक्ति को कोई आपत्ति न हो। जुलूसों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र का स्वर उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार हो। डीएम ने कहा कि त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में शान्तिपूर्ण ढं़ग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन एक व्यवस्था देता है। त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में शान्तिपूर्ण ढं़ग से सम्पन्न कराने में असली भूमिका तो समाज के सम्भ्रान्तजनों की होती है। डीएम ने विद्युत, नगर निकायों, जिला पंचायत राज विभाग को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों की आवश्यक मरम्मत, बिजली के ढीले तारों को ठीक कराने की कार्रवाई के साथ साथ साफ-सफाई, प्रकाश आदि के समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित करा दें। उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिये गये कि तहसील व सर्किल क्षेत्रान्तर्गत अर्न्तगत जुलूस मार्गों, साफ-सफाई विशेषकर धार्मिक स्थलों के आस-पास समुचित साफ-सफाई व चुनाकारी आदि का कार्य समय से करा दें। एसपी बृन्दा शुक्ला ने कहा कि त्यौहारों के दौरान गुड पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। त्यौहारों के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए पारम्परिक मार्गाे पर ही जुलूस का संचालन किये जाने की अपील की है। बैठक के दौरान कुलभूषण अरोड़ा, बृजमोहन मातनहेलिया, दाऊ जी सोनी, जफर उल्लाह खां बन्टी, श्रीमती निशा शर्मा, परशुराम कुशवाहा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तेजे खां, कल्बे अब्बास, मो. मोईनुद्दीन कादरी, मोहम्मद आरिफ, दिलशाद अहमद, बच्चे भारती, वकील अहमद मिसबाही, प्रमुख प्रतिनिधि फखरपुर रणवीर सिंह सहित जिले के अन्य क्षेत्रों से आये हुए धर्मगुरूओं व संभ्रान्तजन द्वारा बिजली, पानी, साफ-सफाई के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। बैठक का संचालन एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा व ग्रामीण डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, नगर मजिस्टेªट शालिनी प्रभाकर, सीओ सिटी राजीव कुमार सिसोदिया, सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, एसडीएम सदर राकेश कुमार मौर्या, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, पयागपुर के दिनेश कुमार, एसडीएम मोतीपुर संजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, जिला स्तरीय अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, धर्मगुरू व संभ्रान्तज सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: बहराइच के पत्रकारों का जत्था बाबा अमरनाथ की यात्रा पर
Thu, Jul 4, 2024
जन-जन के कल्याण और बहराइच की समृद्धि के लिये निकला दल
बहराइच। हिमालय की तलहटी और नेपाल बार्डर से सटा बहराइच जिला अपने हरियाली के लिये विश्व विख्यात है। जहाँ की आबोहवा हमेशा वीर योद्धाओं के गाथाओं से महकती रहती है। बहराइच जिला आकांक्षात्मक जिला होने के बावजूद भी अपने विभिन्न सरकारी मानदंडों में अक्सर प्रथम स्थान पर प्रदर्शित हुआ करता है। बहराइच जनपद के जन कल्याण और जन-जन की समृद्धि की भावनाओं के दृष्टिगत जिले के पत्रकारों का एक जत्था जम्मू कश्मीर बालटाल के रास्ते बाबा अमरनाथ बर्फानी के दर्शन पूजन के लिये समर स्पेशल बाबा अमरनाथ ट्रेन से निकला। पत्रकार श्रद्धालुओं का यह जत्था 2 जुलाई को बहराइच मुख्यालय से चल दिया है। दर्शन के लिये पंजीकरण दिवस 5 जुलाई को बाबा के दर्शन हेतु पहाड़ पर चढ़ाई शुरू करेगा। पत्रकारों का यह जत्था पत्रकारिता के माध्यम से जन सहयोग की भावना प्रबल करते हुए सामाजिक दायित्वों का निर्वहन अनवरत करता रहता है। बाबा के दर्शन पर निकला पत्रकारों का जत्था इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य भी हैं जो निरंतर रेडक्रॉस के दायित्व को भी सामाजिक गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर आगे रखते है। बाबा अमरनाथ के श्रद्धालु जत्थे में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन व प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुँवर दिवाकर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय शर्मा, मान्यता प्राप्त पत्रकार हनुमान गुप्ता, जी न्यूज के सीनियर जर्नलिस्ट राजीव शर्मा, राहुल सिंह, बृजेश पुष्कर, प्रदीप कुमार, रोहित गुप्ता, डा.ओमकार पुष्कर सहित अनन्य बाबा के अन्य भक्त साथ चल पड़े हैं।
: करंट लगने से किशोरी की मौत
Wed, Jul 3, 2024
बहराइच। करंट की चपेट में आकर एक किशोरी की मौत हो गई। किशोरी अपने रिश्तेदारी में आई हुई थी। श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना अंतर्गत मलावा मिर्चहा गांव निवासी शालिनी पांडेय 17 पुत्री चौखुशी नाथ पांडेय की बहन का विवाह जिले के रामगांव थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर गांव में हुआ है। शालिनी कुछ दिन पूर्व अपने बहन के यहां आई थी। मंगलवार रात को वह पंखा चलाने के लिए तार लगा रही थी। बिना प्लग के तार लगाते समय वह करंट की चपेट में आ गई। परिवार के लोग किशोरी को लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां चिकित्सको ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रक की ठोकर से महिला की मौत, दो अन्य घायल
ननपारा, बहराइच। दुकान के सामने खड़ी एक महिला को ट्रक ने ठोकर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गई । घटना कोतवाली नानपारा अंतर्गत इमामगंज चौराहे के पास की है। जहाँ दुकान के सामने खड़ी माधुरी देवी को ट्रक ने ठोकर मार कर कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी को लेकर भागने लगा। ट्रक चालक लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए घटना स्थल से 300 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप के पास खड़े छोटा हाथी वाहन को सामने से जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे वाहन में बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमे आनंद स्वरूप 31 पुत्र राम कुंवारे निवासी मथुरा व मनोज कुमार 34 पुत्र छोटेलाल निवासी नानपारा को गंभीर चोटें आई। पास में ही खड़े अमन सोनी उम्र 30 वर्ष पुत्र रमेश चंद्र निवासी जुबलीगंज को भी चोटे आई। आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना की तहरीर मृतका के पति राजेंद्र पुत्र जानकी निवासी कहारन टोला ने पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की एक साथ तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। ट्रक की तलाश की जा रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नानपारा रूपईडीहा मार्ग से चालक तेज रफ्तार में ट्रक इतनी लापरवाही से चला रहा था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास भी घटना होते-होते बची।
तेंदुए के हमले में बालक गंभीर रूप से घायल, लखनऊ रेफर
बिछिया, बहराइच। मां के साथ घर में चारपाई पर सोए बेटे पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बहराइच मेडिकल कालेज में इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेक्टर रेफर कर दिया गया । घटना कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली रेंज अन्तर्गत बनकटी गांव की है। जहां बुधवार सुबह 3 बजे बनकटी गांव निवासी गुरमुख सिंह के घर में तेंदुआ घुस गया। इसके बाद तेंदुए ने गांव निवासी जय करन सिंह 5 पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने हाँका लगाते हुए तेंदुए से किसी तरह बालक की जान बचाई। आसपास के लोगो की मदद से सूचना वन विभाग की दी गयी। घटना की सूचना मिलते ही रेंजर रोहित कुमार के निर्देश पर वन दारोगा अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल बालक को पीएचसी सुजौली में भर्ती कराया। जहां पर घायल को सीएचसी रेफर कर दिया गया। लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान हालत और गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। जंगली जानवरों के लगातार हमले से जंगल के किनारे के ग्रामीण दहशत में जीवन जीने को मजबूर है।