: आखिरकार पिंजरे में कैद हुआ आदमखोर तेंदुआ
Sat, Jul 27, 2024
बहराइच। आम लोगों के लिए मुसीबत का सबक बना तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में आखिरकार कैद हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। तेंदुए को अब जंगल मे छोड़ा जाएगा। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत सोमईगौढी गांव में बीते एक माह से तेंदुआ लोगों पर हमला कर रहा था। ग्रामीणों पर हमले को देखते हुए वन विभाग की ओर से ग्राम पंचायत के मनोहरपुरवा के एक गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया गया था। शुक्रवार रात को पिंजरे में बकरी के शिकार के लिए आई तेंदुआ कैद हो गई। डीएफओ बी शिव शंकर ने बताया कि तेंदुआ मादा है। उसकी उम्र पांच वर्ष है। उन्होंने बताया कि वन संरक्षक और मुख्य वन संरक्षक को जानकारी दी गई है। आदेश के बाद तेंदुआ को जंगल या चिड़िया घर में भेजा जाएगा।
: एसपी ने व्यापारियों को दिलाया हर समय सुरक्षा का भरोसा
Sat, Jul 27, 2024
आपरेशन त्रिनेत्र के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील
पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने की व्यापारियों के साथ बैठक
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद के व्यापारीगण, उद्यमियों तथा सर्राफा व्यवसायियों के साथ मासिक गोष्ठी की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारी बन्धुओं को उनकी सुरक्षा हेतु पुलिस की तरफ से हर समय सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा यह भी कहा गया कि व्यापारीगण किसी भी समय अपनी किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत को पुलिस से बता सकते है। जिसका प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाएगा। वही व्यापारी बंधुओं द्वारा व्यापारियों व उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, बाजारों में समुचित साफ सफाई, सड़क, पटरियों पर अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था आदि की समस्याओं से अवगत होने के बाद उसके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने व अन्य विभागों से सम्बंधित समस्याओं को उस विभाग को सूचित करने एवं उनसे समन्यवय स्थापित कर यथाशीघ्र समस्या को दूर कराए जाने तथा यातायात प्रभारी को शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने के क्रम में प्रभावी कार्यवाही किए के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारी बन्धुओं से अपने-अपने दुकानों व प्रतिष्ठानों पर पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘‘आपरेशन त्रिनेत्र‘‘ के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, सीएफओ विशाल, रामानुज गौड़, एआरटीओ विजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डा.एस.के. गौतम, स्वच्छता निरीक्षक सुरेश कुमार दुबे, नगर सर्किल के थानों के थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण तथा जनपद के व्यापारी बन्धु, उद्यमी, सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे।
: कारगिल विजय दिवस पर सम्मानित हुई शहीद सैनिक की पत्नी
Fri, Jul 26, 2024
बहराइच। कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल के शहीद सूबेदार बलिकरन सिंह के चित्र पर मल्यार्पण कर भावभीनी श्रृद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात् शहीद सैनिक की धर्मपत्नी श्रीमती फूलपती को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि माह मई-जून 1999 में बर्फीली पहाड़ियों पर कारगिल का युद्ध लड़ा गया था। इस युद्ध में जहां हमारे राजनीतिक, कूटनीतिक और प्रशासनिक तंत्र ने अपनी-अपनी अहम भूमिका निभाई, वहीं सशस्त्र सेनाओं ने एक सुनियोजित संयुक्त अभियान में पाकिस्तान के नापाक इरादों को धराशायी करने में सफलता हासिल की। इस अवसर पर शहीद सैनिक का परिवार व अन्य पूर्व सैनिक सहित कार्यालय के वरिष्ठ सहायक भानु प्रताप गुप्त, जगदम्बा प्रसाद एवं नरेन्द्र कुमार मौजूद रहे।