: राशन कार्ड सत्यापन में ढिलाई बरतने पर डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण
Sun, Jul 28, 2024
सोशल सेक्टर अन्तर्गत संचालित योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा
सत्यापन की कार्यवाही समय से पूर्ण करने के दिये गये निर्देश
बहराइच। सभी प्रकार की पेंशन, छात्रवृत्ति, पारिविारिक लाभ योजना, राशन कार्डों का सत्यापन, कौशल विकास मिशन, आईटीआई चलो अभियान, एकलव्य विद्यालय, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, कन्या सुमंगला एवं शादी अनुदान सहित समाज कल्याण सेक्टर अन्तर्गत अन्य योजनाओं की समीक्षा हेतु शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि सत्यापन से सम्बन्धित प्रकरणों की सचिववार साप्ताहिक समीक्षा की जाय। डीएम ने कहा कि सत्यापन से सम्बन्धित प्रकरणों को अनावश्यक लम्बित न रखा जाय बल्कि समयबद्धता के साथ इनका निस्तारण कर आख्या सम्बन्धित विभाग को भेज दी जाय जिससे लाभार्थियों को समय से लाभ मिल सके। शहरी क्षेत्रों में सत्यापन से सम्बन्धित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समयबद्धता के साथ कार्यवाही की जाय। इस सम्बन्ध में डीएम ने सीडीओ व एडीएम को निर्देश दिया कि क्रमशः ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सत्यापन से सम्बन्धित मामलों की अपने स्तर पर नियमित समीक्षा करते रहें। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सत्यापन से सम्बन्धित मामलों का समयबद्धता के सत्यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी व अधिशासी अधिकारियों केे साथ समन्वय कर कार्यवाही को पूर्ण कराया जाय। परिवारिक लाभ योजना की समीक्षा के दौरान समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 02 दिवस में पेंडेंसी समाप्त कराएं। राशन कार्ड सत्यापन की समीक्षा के दौरान बीडीओ शिवपुर व पूर्ति निरीक्षक तथा नगर पालिका परिषद नानपारा के ई.ओ. व पूर्ति निरीक्षक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के साथ साथ अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करने के निर्देश दिये गये। आईटीआई चलो अभियान की समीक्षा के दौरान नोडल प्रधानाचार्या को निर्देश दिये गये कि अभियान से सम्बन्धित लिफलेट छपवाकर प्रचार-प्रसार कराएं तथा इस बात के प्रयास किये जाएं कि विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित युवक-युवतियां सेवायोजित भी हो सकें। कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जो आवेदन पत्र सत्यापित होकर आ गये हैं उन्हें एक सप्ताह के अन्दर निस्तारित करा दिया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से बैठकें आयोजित कराएं। पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया गया कि जिन ट्रेडों में सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण हो गई उनमें समय से अग्रेत्तर कार्यवाही प्रारम्भ करें। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशानुसार सोशल सेक्टर से सम्बन्धित योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय कुमार शर्मा उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, पयागपुर के दिनेश कुमार, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेन्द्र द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा सहित खण्ड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक व सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौतूद रहे।
: गड्ढे में डूब कर दो बालकों की दर्दनाक मौत
Sun, Jul 28, 2024
पुलिया निर्माण के लिए सड़क पर खोदे गए थे गड्ढे
बौंडी, बहराइच। सड़क पर पुलिया निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूब कर दो बालकों की दर्दनाक मौत हो गई। काफी देर तक बालकों के न मिलने पर परिजनों ने खोज बीन शुरू की। खोजबीन के दौरान सड़क किनारे कपड़े पड़े दिखाई दिये। गड्ढे में खोजबीन की तो दोनों के शव बरामद किया गया। घटना तहसील महसी अंतर्गत भदवानी गांव की है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से गांव में कोहराम मच गया। गौरतलब हो कि बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भदवानी बेलहा-बेहरौली तटबंध के निकट बसा हुआ है। तटबंध से लगे मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए गड्ढे खोदवा दिया है। जिसमें पानी भरा हुआ है। भदवानी गांव निवासी अखंड प्रताप सिंह पुत्र अनिल सिंह 10 वर्ष के पड़ोसी मित्र ध्रुव सिंह 10 रविवार सुबह खेत में धान रोपाई देखने के लिए साथ में गए। काफी देर बाद दोनों वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। एक बजे दोपहर में गांव के कुछ लोगों ने तटबंध के किनारे कपड़े पड़े देखने की सूचना दी। जिस पर दोनों बालकों के परिवार के लोग मौके पर गए। सभी ने गड्ढे में भरे पानी में खोजबीन शुरू की तो अखंड प्रताप सिंह और धु्रव सिंह के शव बरामद हुए। इस पर दोनों परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष ज्ञान सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दो बालकों की मौत की जानकारी पर जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह तरंगी, राम दयाल पाल, शुभम अवस्थी, मुनीजर शुक्ला, मैन कुमार सिंह, आदि लोग पहुंचे। परिवार को सान्त्वना दी। एसडीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि गड्ढे के पानी में डूबकर मौत हुई है। लेखपाल बृजेश सिंह ने जांच की है।
गैस सिलेंडर रिसाव से लगी आग, दंपति समेत तीन झुलसे
बहराइच। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर रिसाव होने के चलते लगी आग से दंपति समेत तीन झुलस गये। सभी घायलो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत कसेहरी खुर्द की है। जहाँ गांव निवासी रूपम वर्मा 23 सुबह खाना बना रही थी। तभी गैस सिलेंडर में लगी पाइप लाइन के लीकेज के चलते आग लग गई। खाना बना रही रूपम आग लगने से जलने लगी। बचाने के लिए पति देव मित्र वर्मा 26 और महिला का देवर विवेक 12 भी झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी को आग बुझाकर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज से संबद्ध महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया है। तीनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
चौकियों पर तैनात अधिकांश चौकी प्रभारी हटे
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला द्वारा कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाये रखने के लिए दो निरीक्षकों सहित 54 उप निरीक्षकों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया है। बदलाव के चलते अधिकांश चौकी प्रभारियों को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। उनके स्थान पर थानों पर तैनात उप निरीक्षकों को चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं शनिवार को किए गए स्थानान्तरणों में से चार का स्थानान्तरण रविवार को निरस्त कर दिया गया। स्थानान्तरित उप निरीक्षकों में से अधिकांश लम्बे समय से चौकियों पर जमे थे। निरीक्षक संजीव कुमार पाल को पुलिस लाइन से निरीक्षक अपराध कैसरगंज बनाया गया है। जबकि निरीक्षक योगेन्द्र सिंह यादव को पुलिस लाइन से निरीक्षक अपराध मोतीपुर बनाया गया है। वहीं अन्य 52 उप निरीक्षक स्थानान्तरण लिस्ट में शामिल है।
: माफिया गब्बर का भाई रबिन्दर गिरफ्तार
Sat, Jul 27, 2024
बहराइच। अपहरण, रंगदारी व हत्या के मुकदमें में वांछित व यूपी के टाप पचास माफियाओं में शामिल जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गब्बर सिंह के भाई को दरगाह पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन पर थाना दरगाह में 419, 420, 467, 468, 471 के तहत मामला दर्ज था। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रमानंद कुशवाहा ने बताया कि माफिया देवेन्द सिंह के भाई रबिन्दर सिंह निवासी मोहनपुर माफी पयागपुर को गिरफ्तार किया गया है। उसके द्वारा माफिया के मुकदमों की लगातार पैरवी की जा रही थी तथा उसके विरूद्ध कई मुकदमें दर्ज थे। गौरतलब हो कि माफिया देवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गब्बर फिरोजाबाद जेल में बंद है। तथा उनके होटल बंधन सहित कई अन्य सम्पत्तियां प्रशासन ने पहले ही सीज कर दी है। वहीं अब उनके भाई को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।