: तालाब में तब्दील हो चुका है शेखदहीर-माधवरेती मार्ग
Sat, Aug 10, 2024
डीएम आवास से शेखदहीर जाने वाले मार्ग की हालत दयनीय
जिम्मेदारियों अधिकारियों के आंखों पर पड़ा पर्दा
बहराइच। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त निर्देश है कि लोगों को बेहतर सड़के मुहैया करायी जाये। बावजूद इसके शहर के डीएम आवास से कई गांवों को जोड़ने वाला शेखदहीर के मुख्य मार्ग की हालत दयनीय है। आलम यह है कि सड़क पर भीषण गड्ढ़े हो गए है तथा घुटनों तक जलभराव बना हुआ है। ज्ञातव्य हो कि शहर के डीएम आवास के बगल से माधवरेती शेखदहीर मार्ग गुजरता है। जो कि कई गांवों का मुख्य सम्पर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस पर हजारों लोगों का आवागमन रहता है। बच्चे स्कूल जाते है पर सड़क की हालत इस तरह दयनीय हो गई है कि इस पर चलना दूभर हो गया है। लोग प्रतिदिन गिरकर चोटिल हो रहे है। बावजूद इसके न तो प्रशासनिक अधिकारियों और न ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस सड़क की दयनीय हालत पर तरस आता है। विभागीय अधिकारियों की हीला हवाली से पिछले एक वर्ष से सड़क की मरम्मत नही हो सकी है। जिस पर कुछ क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क मरम्मत की मांग की थी। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा मामले को संज्ञान मे लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था पर मामला ढाक के तीन पात ही रहा। न तो सडक की मरम्मत हो पायी और न ही किसी अधिकारी ने उसको संज्ञान ही लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू न हुआ तो कलेक्टेªट पर धरना-प्रदर्शन किया जायेगा।
: भेड़िये के हमले में बालक व बालिका घायल
Sat, Aug 10, 2024
गुस्साये ग्रामीणों ने बहराइच-सीतापुर मार्ग जामकर किया प्रदर्शन
बौण्डी, बहराइच। महसी क्षेत्र के गांव में भेडिये का हमला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। भेड़िया लगातार हमला कर लोगों को घायल कर रहा है। एक भेड़िया पकड़े जाने के बावजूद भी अभी भी हमला जारी है। शनिवार प्रातः भेड़िये ने हमला कर दो बच्चों को घायल कर दिया। घटना थाना हरदी अन्तर्गत बम्भौरी व गंगापुरवा की है। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने बहराइच-सीतापुर मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर वनाधिकारी व उप जिलाधिकारी के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। शनिवार सुबह ग्राम गंगापुरवा के मजरा खैरी में किशोर अजीत पुत्र भगौती पर भेडिये ने हमला कर घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए। जिस पर भेड़िया मौके से भाग गया। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। वहीं ग्राम पंचायत बम्भौरी के मजरा बैरीशालपुरवा में फौजदार के यहां उनकी नातिन पल्लवी पुत्री राजकुमार 07 वर्ष निवासिनी राजा रेहुआ अपने ननिहाल आयी थी। तभी भेडिया ने हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों के शोर शराबा सुनकर भेड़िया मौके से भाग गया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। सभी ने बहराइच-सीतापुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर डीएफओ अजीत प्रताप सिंह, एसडीएम महसी अखिलेश कुमार सिंह, तहसीलदार रविकांत द्विवेदी व थाना प्रभारी हरदी सुरेश कुमार वर्मा व वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया तथा भेड़िये को जल्द पक़डने का आश्वासन दिया। पूर्व में भी भेड़िया कई बच्चों पर हमलाकर मौत के घाट उतार चुका है व कईयों को घायल कर चुका है।
: नारकोटिस पदार्थो के अवैध निर्माण, संचरण, बिक्र्री पर लगाया जाय प्रभावी अंकुश: डीएम
Sat, Aug 10, 2024
बहराइच। नारकोटिस पदार्थो के अवैध निर्माण, संचरण, बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने के उद्देश्य से शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कोर्ड कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान डीएम द्वारा सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि बेहतर ताल-मेल एवं समन्वय के साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए नारकोटिस पदार्थो के अवैध निर्माण, संचरण, बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्राप्त गुप्त सूचनाओं को सभी सम्बन्धित को त्वरित आदान-प्रदान करते हुए प्राप्त सूचनाआ के अनुसार तत्काल प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही सुनिश्चित कराते हुए नियमानुसार सम्बन्धित के विरुद्ध कठोर कार्यवाई सुनिश्चित की जाय। डीएम मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि नशीले पदार्थों के संचरण पर प्रभावी अंकुश के लिए भारत-नेपाल मैत्री बसों, लग्ज़री वाहनों की सघन जांच की जाय। विशेषकर रूपईडीहा से चलने वाले सभी सरकारी व गैर सरकारी वाहनों की रैण्डमली जांच की जाय। उप जिलाधिकारियों व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिये गये सम्बन्धित अधिकारियों के साथ आबकारी व दवा की दुकानों तथा उर्वरक दुकानों पर उपलब्ध स्टाक इत्यादि की भी जांच करें। आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया गया कि उच्च क्वालिटी की प्रभावी वीडियो क्लिप तैयार कराकर स्कूलों में नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किये जायें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, पयागपुर के दिनेश कुमार, मोतीपुर के संजय कुमार, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, नानपारा के अश्वनी पाण्डेय, जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।