: नवागत मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रहण किया पदभार
Sat, Aug 24, 2024
जिलाधिकारी से की शिष्टाचार भेंट
बहराइच। नवागत मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने पूर्वान्ह में मुख्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व श्री चन्द्र उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ लिमिटेड लखनऊ में संयुक्त प्रबन्ध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2018 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी श्री चन्द्र ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी मोनिका रानी से शिष्टाचार भेंट। इसके उपरान्त विकास भवन स्थित अपने कक्ष में विकास से सम्बन्धित अधिकारियों से भेंट कर जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
: डीएम व एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण
Sat, Aug 24, 2024
केन्द्र व्यवस्थापकों को सुचितापूर्ण ढंग से सकुशल परीक्षा सम्पन्न कराने के दिये गये निर्देश
बहराइच। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 हेतु 23 से 25 अगस्त व 30 एवं 31 अगस्त को दो पालियों में सम्पन्न होने वाली की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन की प्रथम पाली की परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी, सुचितापूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला सहित जिले के अन्य अधिकारी भ्रमणशील रहे। डीएम व एसपी ने परीक्षा केन्द्र आर्य कन्या इण्टर कालेज व पं. वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इण्टर कालेज का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का लिया जायजा। उल्लेखनीय है कि प्रथम पाली की परीक्षा में 1337 तथा द्वितीय पाली की परीक्षा में 1255 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
: सितम्बर-अक्टूबर में गन्ना बुवाई के लिए अभी से शुद्ध एवं स्वस्थ बीज का चयन करें किसान
Sat, Aug 24, 2024
स्वस्थ बीज ही अच्छे उत्पादन का मुख्य आधार है
फखरपुर, बहराइच। पारले कंपनी अपने किसानों को जागरूक करने के लिए लगातार संवाद स्थापित कर रही है। जिससे वैज्ञानिक एवं व्यापारिक खेती को बढ़ावा मिल सके। गन्ना कार्यालय में पारले के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी द्वारा किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि गन्ने का उत्पादन अच्छा हो इसके लिए सितम्बर-अक्टूबर में अधिक से अधिक क्षेत्रफल में किसान गन्ना बुवाई करें। जिससे पैदावार में भारी इजाफा होगा। इस समय गन्ने के साथ सहफसल में सरसो, आलू, मसूर, मटर, सब्जियां आदि किसान ले सकते है। इसके अलावा अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजातियां ही लगाए। अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजातियों में 0118, 15023, 14201 बुवाई के लिए अभी से शुद्ध एवं स्वस्थ बीज का चयन कर ले। स्वस्थ बीज ही अच्छे उत्पादन का मुख्य आधार है। स्वस्थ बीज का जमाव अच्छा होगा, बीज की मात्रा प्रति एकड़ कम लगेगी। जिस खेत में कीड़े -बीमारी का प्रकोप हो उस खेत से बीज बिल्कुल ना ले। ट्रेंच विधि द्वारा 4 फीट की दूरी पर गन्ना लगाए। खेत की तैयारी अच्छी प्रकार करें। तैयारी के समय प्रति एकड़ 10 किलो ट्राइकोडर्मा को 2 बैग जैविक शक्ति में मिलाकर प्रयोग करे। बुवाई से पहले लाइन में खाद, उर्वरक का प्रयोग करें। उसके बाद 2 आँख का टुकड़ा ही बोये। बीज शोधन इमिडा और हेक्साटॉप फफूंदीनाशक से जरूर करे। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय गन्ने की बढ़वार अच्छी है इसलिए शत-प्रतिशत बंधाई करे। कम समय में अधिक कार्य और प्रति एकड़ खर्च कम हो इसके लिए खेती में मशीनीकरण को अधिक से अधिक बढ़ावा दे। भूमि की उर्वरा शक्ति और उत्पादन अधिक हो इसके लिए लगातार पारले जैविक, आर्गेनिक एवं बायो फर्टिलाइजर का प्रयोग बुवाई और खडी फसल में अधिक से अधिक करे। इस अवसर पर काफी संख्या में किसान और पारले के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।