: खेत में मिला युवक का क्षत विक्षत शव
Thu, Dec 7, 2023
थोड़ी दूर पर पड़ा मिला जूता व खून
बहराइच। मिहीपुरवा तहसील के बैबाही गांव में एक महिला के खेत में बृहस्पतिवार को युवक का क्षत विक्षत शव मिला। युवक के गले पर रेतने के निशान भी है। घटना की जानकारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसडीएम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। बैबाही गांव में जिस महिला के खेत में अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला है। वहां कुछ दूरी पर स्थित सड़क पर जूता पड़ा मिला है। खून भी सड़क पर पड़ा है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैबाही निवासी श्याम कली पत्नी स्व. साधू वर्मा के खेत में सरसो और गन्ना लगा हुआ है। बृहस्पतिवार को गांव के लोग खेत की तरफ गए। खेत में सभी ने युवक का शव देखा। इसकी जानकारी गांव में दी गई। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। खैरीघाट थाने के उप निरीक्षक मुकुट नाथ चौधरी, चौकी इंचार्ज यतींद्र सिंह मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकलवाया गया। आसपास के लोगों से पहचान करवाई गई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान भी है। वहीं घटना की जानकारी पर एसडीएम संजय कुमार, राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार, लेखपाल विजय कुमार के साथ पहुंचे हैं। कुछ लोग तेंदुआ के हमले की बात कह रहे हैं। जिसके चलते मोतीपुर रेंज के वन दरोगा राम किशुन भी टीम के साथ पहुंच गए। हालांकि मौत कैसे हुई है, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। उप निरीक्षक मुकुट नाथ चौधरी के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास है। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
: 720 मोबाइल डिस्प्ले के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार
Thu, Dec 7, 2023
पकड़े गए मोबाइल डिस्प्ले की कीमत करीब 3,60,000 रुपए
बहराइच। एसएसबी मंगलवार सायं भारत-नेपाल सीमा से 720 मोबाइल डिस्प्ले के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया। अनिल कुमार यादव उप कमांडेंट के निर्देशन में 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी शिवपुरा के प्रभारी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति साइकिल पर कुछ सामान लेकर भारत से नेपाल अवैध रास्ते से जाने वाला है। चौकी प्रभारी भृगुनाथ प्रसाद ने तुरंत ही गस्ती दल को तैयार किया और सूचना के आधार पर बताए हुए जगह पर भेजा। गश्ती दल को बॉर्डर पिलर संख्या 651/18 से लगभग 5 मी. भारत की तरफ एक अंजान व्यक्ति साइकिल पर कुछ सामान लेकर भारत से नेपाल की तरफ जाते हुए दिखाई दिया। जिसे गस्ती दल द्वारा रोका गया। पूछताछ के दौरान युवक की पहचान इनुस अहमद कबाडिया पुत्र उस्मान कबाडिया निवासी ग्राम टंगपसरी पुलिस स्टेशन नेपालगंज जिला बांके राष्ट्र नेपाल के रूप में की गई। गश्ती दल के पूछने पर कि साइकिल पर इन पैकेटों में क्या है। तब युवक ने बताया कि मेरे पास इन पैकेटो में मोबाइल डिस्प्ले है। जिन्हें बेचने के लिए नेपाल ले जा रहा हूं। जिससे अधिक पैसा मिलेगा। गश्ती दल ने उन पैकेटो को खुलवाकर चेक किया तो देखा कि 72 पैकेट है और एक पैकेट में 10 रियो पेस्टिंग वारंटी एलईडी कोंबो है। गस्ती दल ने मौके पर प्राप्त 720 मोबाइल डिस्प्ले तथा एक साइकिल को जप्त किया। सभी औपचारिकताएं पूरी करके युवक को कस्टम ऑफिस रुपईडीहा के सुपुर्द किया। जिसकी बाजार में कीमत लगभग 360000 है। गश्ती दल में एसएसबी के मुख्य आरक्षी रविंद्र कुमार यादव, गजेंद्र कुमार, आरक्षी राकेश कुमार, अजय राय, हरिओम व उमेश कुमार शामिल रहे। 42 वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट राज रंजन ने बताया कि हमारे जवान .सीमा पर लगातार चौकसी रखे हुए हैं और किसी भी अवैध तस्करी को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
: होटल व ढाबे से मुक्त कराये गए बाल श्रमिक
Thu, Dec 7, 2023
बहराइच। देहात इंडिया, श्रम विभाग, एएचटीयू, प्रथम संस्था द्वारा संयुक्त रूप से बालश्रम अवमुक्ति अभियान चलाया गया। जिसमें तिकोनी बाग, केडीसी, चौक तथा मरीमाता मंदिर के आसपास सघन अभियान चलाकर होटल व ढाबे से दो बालश्रमिकों को अवमुक्त कराया गया। अवमुक्त कराने के बाद बच्चों को जिला अस्पताल मेडिकल के लिए ले जाया गया एवं उनकी काउंसिलिंग की गई और उनके परिजनों को भी सूचित किया गया। सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के बाद पीड़ितों को बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत किया गया। जहां से उनके परिजनों को सकुशल सौंप दिया गया। इस दौरान देहात इंडिया के डीसी मो. इमरान, बाल संरक्षण अधिकारी मो. मुजम्मिल, कार्यक्रम सहायक मनीष यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सूरज तिवारी, तबरेज आलम व अजय, प्रथम संस्था के गोपीचंद, गर्जन प्रसाद, महिला कांस्टेबल आरती सिंह, कांस्टेबल हिमांचल निषाद मौजूद रहे।