: गल्ला मण्डी परिसर में सम्पन्न हुई संवीक्षा बैठक
Tue, May 14, 2024
बहराइच। लोकसभा चुनाव अन्तर्गत 56-बहराइच (अ.जा.) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 282-बलहा (अ.जा.), 283-नानपारा, 284-मटेरा, 285-महसी एवं 286-बहराइच के लिए 13 मई 2024 को सम्पन्न हुए मतदान प्रक्रिया की संवीक्षा हेतु कृषि उत्पादन मण्डी समिति परिसर सलारपुर में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक अनिल राज राय की उपस्थिति में बैठक सम्पन्न हुई। इसके उपरान्त प्रेक्षक, डीएम व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों ने समीक्षा में मौजूद प्रत्याशियों, प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भ्रमण कर स्ट्रांग रूम व्यवस्था का जायजा लेते हुए की गयी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा सील्ड इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन/वीवीपैट स्ट्रांग रूम की निगरानी हेतु स्थापित किये गये क्लोज़ सक्रिट टीवी कैमरों, पेयजल, शौचालय एवं छांव इत्यादि व्यवस्थाओं पर भी संतोष व्यक्त किया। बैठक में मौजूद प्रत्याशियों, उनके अभिकर्ता तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका ने बताया कि कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर, बहराइच के विभिन्न कक्षों/दुकानों में बने स्ट्रांग रूम में रखी गई सील्ड इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन/वीवीपैट की निगरानी हेतु सबसे बाहरी परिधि के बाहर पेयजल, शौचालय, स्ट्रांग रूम तथा देखने के लिए सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है। डीएम ने 56-बहराइच (अ.जा.) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के समस्त निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों को बताया कि सील्ड स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए स्वयं अथवा किसी प्रतिनिधि को प्राधिकृत कर उसके उपस्थित रहने के लिए अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग आफिसर्स व अन्य सम्बंधित अधिकारी, सपा प्रत्याशी रमेश चन्द्र, भाजपा प्रत्याशी आनन्द कुमार के प्रतिनिधि बैजनाथ रस्तोगी व सुनील श्रीवास्तव, सपा प्रत्याशी के प्रतिनिधि जफर उल्लाह खां बंटी, निर्दलीय प्रत्याशी जर्नादन गोड़ व जगराम तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: दो घरों से लाखों के जेवरात व नगदी चोरी
Sun, May 12, 2024
लगभग दस लाख रूपये के माल पर चोरो ने किया हाथ साफ
फखरपुर, बहराइच। चोरों ने एक ही रात्रि में गांव के दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम देकर लगभग दस लाख की सम्पत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जिसमें दो लाख से अधिक की नगदी भी शामिल है। पीड़ितों में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व विहिप के जिला सह मंत्री भी शामिल है। घटना थाना फखरपुर अन्तर्गत ग्राम हैबतपुर की है। जहां प्रधान प्रतिनिधि अजय कुमार शुक्ला के घर चोरों ने छत के रास्ते जीने से उतर कर पहुंचे। जिन कमरों में परिवार के लोग सो रहे थे उसमें बाहर से कुंड़ी लगा दिया और अन्य घरों में घुसकर सोने, चांदी के जेवरात व लगभग दो लाख की नगदी पार कर दिया। चोरी गए जेवरातों में सोने का हार, जंजीर, नथुनी, मंगलसूत्र, पायल व अन्य जेवरात शामिल है। प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि उनके रिश्तेदार के टैªक्टर बिक्री का घर में रखा एक लाख पैतीस हजार रूपये नगदी उठा ले गए। वहीं इसी गांव के निवासी धर्मेन्द्र शुक्ला जो विश्व हिन्दू परिषद के जिला सह मंत्री है उनके घर में चोर पीछे रास्ते से घुसकर सोने, चांदी के जवरातों समेत 40 हजार रूपये की नगदी उठा ले गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना थाने पर दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी करूणाकर पाण्डेय ने बताया कि मामला दर्ज कर चोरी की घटना का खुलासा किया जायेगा।
प्रधान प्रतिनिधि के घर से चोरी में गया समान
फखरपुर, बहराइच। बीती रात्रि चोरों ने प्रधान के घर से एक हार, एक बेंदी, आठ अंगूठी, तीन सोने की चैन, दस जोडी कंगन, चार चांदी की प्लेट, 40 सिक्का, आठ जोडी पायल, चार जोडा झाला, दो पीस चांदी का गुच्छा, पांच नाक की कील, छह जोडी विछिया, पांच जोडी झुमकी, तीन मंगल सूत्र, एक नथनी सहित करीब ढाई लाख नगदी चोर चुरा ले गये।
: मतदान की समाप्ति तक सील रहेगी भारत-नेपाल सीमा
Fri, May 10, 2024
बहराइच। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के चतुर्थ चरण अन्तर्गत 56-बहराइच (अ.जा.) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हेतु 13 मई को होने वाले मतदान के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों तथा 01 अप्रैल को सम्पन्न भारत-नेपाल अन्तर्राष्ट्रीय सीमा समन्वय बैठक में हुई सहमति के क्रम में जनपद बहराइच की नेपाल राष्ट्र से लगने वाली अन्तर्राष्ट्रीय सीमा 10 मई को सांय 05 बजे से 13 मई को मतदान समाप्ति की अवधि तक के लिए सील किये जाने के आदेश पारित किये गये हैं। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि उपरोक्त अवधि में मेडिकल इमरजेंसी में पास जारी किये जाने हेतु एसएसबी कमाण्डेंट 42वीं वाहिनी एवं 59वीं वाहिनी बहराइच अथवा उनके द्वारा नामित सहायक सेनानायक स्तर के प्रतिनिधि को एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करने हेतु पास जारी करने हेतु उप जिला मजिस्ट्रेट नानपारा व मिहींपुरवा (मोतीपुर)/पुलिस क्षेत्राधिकारी, नानपारा व मोतीपुर को अधिकृत किया जाता है।