संविधान की मूल भावना से छेड़छाड़ कर रही भाजपा सरकारः सावित्रीबाई फुले : बाबा साहब के बनाये संविधान में संशोधन कर संविधान में मिले अधिकारों को छीनना चाहती है भाजपा सरकार
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Dec 6, 2025
मिहींपुरवा, बहराइच। डा. भीमराव अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर संविधान रक्षक सेना द्वारा बलहा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित मटिया मोड पर श्रद्धांजलि सभा व संविधान बचाओ-वोट बचाओ महासम्मेलन का आयोजन किया गया। संविधान रक्षक सेना के अध्यक्ष अक्षयवर नाथ कनौजिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बौद्धभंते ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले व विशिष्ट अतिथि प्रयागपुर के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध वंदना के साथ महात्मा गौतम बुध व डा. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए पुष्प वर्षा तथा द्वीप प्रज्वलन कर किया गया। डा. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की महिला संगीत टोली ने गीतों के माध्यम से डॉक्टर अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले ने डॉ अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित मंचासीन अतिथियों तथा जन समुदाय को संविधान रक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना से छेड़छाड़ कर रही है। सरकार में बैठे लोग संविधान को बदलना चाहते हैं। मैं भाजपा से सांसद थी। सांसद रहने के दौरान मैं सदन से लेकर विभिन्न मंचों पर संविधान के विषय पर खुलकर अपनी बात रखी थी। संविधान की मूल भावना को सत्ता द्वारा बदले जाने का प्रयास देख मेरे द्वारा लगातार समय-समय पर जिम्मेदारों के सामने संविधान के पक्ष में अपनी बात रखी गई लेकिन संविधान से छेड़छाड़ को देखते हुए अंतोगत्वा हमने सत्ता का मोह त्यागकर संविधान की रक्षा के लिए पार्टी से किनारा कर लिया। जिस तरह से सत्ता में बैठे लोग लगातार संविधान से छेड़छाड़ कर रहे हैं हम भारतवासियों के अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रहे हैं जो अधिकार हमें बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से दिए था दिया था उसकी रक्षा के लिए हम सबको पुनः सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करना होगा और इसके लिए आप सभी को हमारा समर्थन करना होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार संविधान संशोधन के नाम पर बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान को बदलने पर आमादा है। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से जो अधिकार हम भारतीयों को दिए थे वर्तमान सरकार ने संशोधन के नाम संविधान में प्रदत्त अधिकार छीनने का प्रयास कर रही है। आगे कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले जब 2012 में बलहा कि विधायक थी उस समय सदन में अक्सर उनकी आवाज गूंजती थी। लेकिन आज जैसे लगता है क्षेत्र में जंगल राज है विधानसभा में बलहा की आवाज ही नहीं सुनाई देती। कार्यक्रम को सरदार मंजीत सिंह बाबा, जीशान अहमद, मिथिलेश यादव सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर सरदार गुरूमीत सिंह, रामफेरन पासवान, शिवपाल यादव, पूर्व प्रधान प्रेमधारी, पूर्व प्रधान धुरुपदेव, चंदन निषाद धूम मौर्य, ताराचंद गौतम, शहाबुद्दीन नेता, संतराम चौहान सहित काफी संख्या में वरिष्ठ सहयोगी कार्यकर्ता मंचासीन रहे। इस दौरान हजारों की संख्या में क्षेत्रीय महिला पुरुष कार्यक्रम के सहभागी बने।
विज्ञापन
विज्ञापन