: जनपद न्यायाधीश ने डीएम व एसपी के साथ किया कारागार का निरीक्षण
Wed, Mar 29, 2023
बहराइच। कारागार की साफ-सफाई, बन्दियों को मुहैया करायी जा रही सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी द्वारा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा व मुख्य न्यायिक अधिकारी शिवेन्द्र कुमार मिश्रा के साथ जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाकशाला, जेल चिकित्सालय व कारागार की अन्य बैरकों का निरीक्षण कर कारागार की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बन्दियों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं मुहैय्या कराए जाने तथा साफ-सफाई के स्तर को बनाएं रखने का निर्देश कारागार प्रशासन को दिया गया। इस अवसर पर कारागार अधीक्षक राजेश यादव, जेलर आनन्द कुमार शुक्ला, डिप्टी जेलर देवकान्त वर्मा, शेषनाथ यादव एवं अजय कुमार, चिकित्सक परिवेश पाण्डेय तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: जिले के 141 क्रय केन्द्रों पर होगी गेंहू की खरीद
Wed, Mar 29, 2023
बहराइच। रबी विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना अन्तर्गत 01 अप्रैल से प्रारम्भ होने वाले गेहूॅ खरीद कार्य को सफलतापूर्वक क्रियान्वित कराये जाने के उद्देश्य से मगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने सभी क्रय एजेन्सियों के जनपद प्रभारियों को निर्देश दिया कि एजेन्सी अन्तर्गत संचालित होने वाले क्रय केन्द्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबन्द कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गेहूॅ क्रय केन्द्रों का सत्यापन कराये जाने पर यदि किसी प्रकार की कमी पायी जाती है तो उसके लिए एजेन्सी प्रभारियों को जिम्मेदार मानते हुए कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिला प्रभारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि वे शासन की मंशानुरूप जनपद में पूरी पारदर्शिता के साथ गेहॅू खरीद कार्य सम्पादित करायें। जिलाधिकारी ने सचेत किया कि किसी भी क्रय केन्द्र पर घटतौली, बोरो व पैसों की अनुपलब्धता अथवा व्यवस्थाओं की कमी के कारण गेहूॅ खरीद प्रभावित होने अथवा किसानों के किसी प्रकार के शोषण की शिकायत को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों के विरूद्ध अनिवार्य रूप से दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने गेहूॅ क्रय केन्द्रों की आवश्यक रंगाई-पुताई, परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई के साथ-साथ छाया, किसानों और उनके मवेशियों के लिए छाव, पेयजल, बैठने, बैनर, रेट लिस्ट, प्रमुख दूरभाष नम्बर सहित शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों को पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये। बैठक के दौरान जिला खाद्य एवं विपरण अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना अन्तर्गत 01 अप्रैल से प्रारम्भ होने वाली गेहूॅ खरीद के लिए जिलाधिकारी द्वारा 05 क्रय एजेन्सियों के 141 गेहूॅ क्रय केन्द्रों को संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी गयी है। इस प्रकार जनपद में 141 क्रय केन्द्रों के माध्यम से गेहूॅ की खरीद की जाएगी। जनपद में खाद्य तथा रसद विभाग, विपणन शाखा 24, पीसीएफ के 74, यूपी स्टेट एग्रो के 10, पीसीयू के 32 तथा भारतीय खाद्य निगम के 01 क्रय केन्द्रों के माध्यम से गेहूॅ की खरीद की जायेगी। इस सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित क्रय संस्थाओं के जिला प्रबन्धकों को निर्देश दिया गया है कि स्वीकृत गेहूॅ क्रय केन्द्रों पर समस्त आवश्यक प्रबन्ध पूर्ण करते हुए क्रय केन्द्रों को क्रियाशील कर 01 अपै्रल से गेहूॅ की खरीद सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय से गेहूॅ खरीद की कार्यवाही शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरो इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करा ली गयी है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मनोज, पीडीडीआरडीए पी.एन. यादव, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, सचिव, मण्डी धनन्जय सिंह सहित क्रय एजेन्सियों के जिला प्रबन्धक, क्रय केन्द्र प्रभारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: सुनील हत्याकांड का एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
Wed, Mar 29, 2023
ग्यारह दिन पूर्व गांव में कुल्हाड़ी से काट कर कर दी गई थी हत्या
कैसरगंज, बहराइच। बबुरी गांव निवासी सुनील की ग्यारह दिन पूर्व गांव के लोगों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी। इसी क्रम में बुधवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अभियुक्त नेम कुमार यादव पुत्र स्व. केशवराम यादव निवासी बबुरी मंझारा तोकली को पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह, हे.का.रामसजीवन यादव, कांस्टेबल विष्णु प्रताप सिंह द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल रवाना किया गया।