: 03 ग्राम पंचायतों में संचालित हुआ जागरूकता अभियान
Sun, Jun 4, 2023
बहराइच। विगत दिवस विकास खण्ड चित्तौरा 03 ग्राम पंचायतों में नया सवेरा योजना अन्तर्गत श्रम विभाग के तत्वावधान में जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। नया सवेरा योजना के तहत पूर्व से आच्छादित 03 ग्राम पंचायतों बहादुरपुर, ताजपुरखुदाई, नगर में श्रम विभाग, पुलिस विभाग एवं प्रथम संस्था के संयुक्त टीम द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किये गये अभियान के दौरान सत्यापन के साथ-साथ ग्रामवासियों को बाल श्रम के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। उल्लेखनीय है कि नया सवेरा योजना अन्तर्गत आच्छादित 05 ग्राम पंचायतों बहादुरपुर, ताजपुरखुदाई, नगर, सोहरवाँ और धरमनपुर जिनकों बाल श्रम से मुक्त कराने के लिए निरंतर बाल श्रम अभियान एवं जनजागरण कार्यक्रमों का संचालन कर बाल श्रम से मुक्त कराया जा चुका है। ग्राम पंचायत बहादुरपुर, ताजपुरखुदाई, नगर में संचालित किये गये अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी रिजवान खान द्वारा दुकानदारों को बाल श्रम से संबन्धित कानूनी प्राविधानों तथा नया सवेरा के डीटीआरपी चंद्रेश यादव द्वारा ग्रामवासियों को प्रतिदिन बच्चों को स्कूल भेजने के लिये प्रेरित किया गया। जबकि प्रथम संस्था के राकेश चौबे ने मौजूद ग्रामवासियों को हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर राम व्रक्ष व आरक्षी अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे।
: स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की
Sun, Jun 4, 2023
सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने ट्रेन दुर्घटना में मृत आत्माओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किया
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन परिसर में अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन शाखा बहराइच एवं श्रावस्ती के तत्वावधान में रविवार को आयोजित मासिक बैठक की गई। प्रत्येक माह के पहले रविवार को सुबह दस बजे दस मिनट अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों को याद करते हुए श्रद्धांजलि, पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राष्टृ-गीत का गायन किया गया। पूर्व निर्धारित ऐजेण्डा के अनुसार विचार विमर्श कर निर्णय लिया गया, पश्चात दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी श्रद्धेय शिवनारायण लाल गुप्ता एवं सेनानी उत्तराधिकारी श्रद्धेय दानवीर सिंह उर्फ शिवा जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया गया। शोक सभा में बोलते हुए संगठन के संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जिले के अंतिम स्वतंत्रता सेनानी का निधन हो जाना हम सबके लिए दुखदाई है। श्रद्धेय गुप्ता जी ने अपने अमूल्य जीवन को देश की आजादी एवं नये भारत का निर्माण कराने में बिताए, अंतिम सांस तक समाज सेवा में समर्पित रह कर कार्य किया। संगठन अध्यक्ष वेदव्रत श्रीवास्तव ने कहा कि अपना जनपद स्वतंत्रता काल के इतिहास से परिपूर्ण है किंतु अंतिम दीप बुझने पर वातावरण अंधकारमय हो जाता है। हम सब उनके द्वारा जलाई गई ज्योति को प्रकाशित रखें। कर्मवीर सिंह एडवोकेट ने कहा कि सेनानी उत्तराधिकारी संगठन का दायित्व है कि हम सेनानियों के रास्ते पर चलकर देश की आजादी को बचायें और उसे मजबूती प्रदान करें। यदुनाथ प्रसाद यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने खून पसीने से इस देश को आजाद कराया और हमें इस देश रूपी चमन के रक्षक बन कर कार्य करना है। मंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी का प्रस्ताव है कि अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के सम्मान एवं उनके उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षार्थ प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को सुबह दस बजे दस मिनट अपने अपने ब्लाकों में स्थापित स्मारकों, प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि, पुष्पांजलि अर्पित करें तथा राष्ट्र गीत एवं राष्ट्र गान का गायन किया जाए। संगठन की मजबूती प्रदान करने हेतु स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार को एकजुट करने के लिए किसी एक सेनानी परिवार से सम्पर्क स्थापित करें। श्री मिश्र ने दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी श्रद्धेय शिवनारायण लाल गुप्ता एवं सेनानी उत्तराधिकारी श्रद्धेय दानवीर सिंह उर्फ शिवा जी एवं उड़ीसा प्रांत के बालासोर में ट्रेन दुर्घटना में मृत आत्माओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। अन्त में बैठक में उपस्थित सभी सम्माननीय सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस महान दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। आयोजित बैठक/ शोक सभा को आदित्य भान सिंह, मुकेश श्रीवास्तव, रामदीन गौतम, दिनेश प्रताप सिंह, हनुमंत शरन श्रीवास्तव, यदुनाथ प्रसाद यादव, बाबूलाल वर्मा, राम गोपाल वर्मा, गौतम अग्रवाल, विजय कुमार सोनी सहित दर्जनों सदस्योंध्पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया।
: योगी-मोदी का लगाया जयकारा तो हंसिया से किया हमला, मुकदमा दर्ज
Sun, Jun 4, 2023
बहराइच। एक युवक द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जयकारा लगाने पर पड़ोसी युवक ने उस पर हसुए से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। घटना थाना मोतीपुर अंतर्गत जालिमनगर की है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध घर में घुसकर हमला करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जालिम नगर निवासी आशाराम पुत्र राम खेलावन का कहना है कि वह भाजपा का समर्थक है। रात में नौ बजे वह अपने द्वार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बलहा विधायक सरोज सोनकर और विधायक प्रतिनिधि आलोक जिंदल के समर्थन में जयकारा लगा रहा था। तभी पड़ोसी राजेश उर्फ कन्ना पुत्र तीरथ व तीरथ पुत्र मैकू ने जयकारे का विरोध किया। जिसके बाद भी आशाराम जयकारा लगाता रहा। इससे दोनों नाराज हो गए। सभी ने घर में घुसकर आशाराम की पिटाई कर हंसिया से वार कर दिया। जिससे भाजपा समर्थक घायल हो गया। शोर सुनकर दौड़े लोगों ने बीच बचाव करवाया। घायल ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर पिता पुत्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल का सीएचसी में मेडिकल करवाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार मिश्रा को सौंपी गई है।