: जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा
Wed, Jul 12, 2023
बजरंगदल के विभाग संयोजक पर राड व डण्डों से किया था जानलेवा हमला
बहराइच। मुकदमें की रंजिश को लेकर जानलेवा हमले के तीन आरोपियों को थाना कोतवाली नानपारा पुलिस ने धर दबोचा। दिपांशू श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र प्रमोद कुमार श्रीवास्तव निवासी रामकृष्ण नगर नई बस्ती नानपारा थाना कोतवाली नानपारा जो कि बजरंगदल के विभाग सयोजक है ने तहरीर दिया कि पूर्व मुकदमें की रंजिश को लेकर मंगलवार लगभग 10ः30 बजे रात्रि में जब मैं ककरी से धार्मिक अनुष्ठान के बाद बंजरिया थाना क्षेत्र नानपारा की तरफ जा रहे थे तभी पहले से घात लगाये बैठे अनिल कुमार, राम नरायन आदि ने नहर के पास पहुंचने पर राड व डण्डों से जानलेवा हमला कर दिया। जिसके सबध में मुअसं. 378/2023 धारा 307, 504 के तहत अनिल पास्टर पुत्र चन्द्रदेव निवासी मझाव थाना मोतीपुर, राम नारायन निवासी ताजपुर टेडिया थाना कोतवाली नानपारा व दो अन्य अज्ञात के विरूद्ध पंजीकृत किया गया। कोतवाली नानपारा प्रभारी ने टीम गठित कर हमला करने वाले तीन अभियुक्तों अनिल पास्टर पुत्र चन्द्रदेव निवासी मझाव थाना मोतीपुर, राम नारायन पुत्र दूबर प्रसाद निवासी ताजपुर टेडिया थाना कोतवाली नानपारा व रोहित कुमार मौर्य पुत्र जगजीवन राम निवासी रायपुर थैलिया थाना खैरीघाट को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नानपारा हेमन्त कुमार गौड़, उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार चौकी प्रभारी गुरगुट्टा, उप निरीक्षक धात्री शंकर सहाय, उप निरीक्षक संदीप द्विवेदी, हे.का.धर्मनाथ गौड़, हे.का.दिलीप कुमार, हे.का.सत्यपाल यादव, का.गुड्डू चौहान, का.विपुल यादव, का.पंकज कुमार, का.राहुल कुमार, का.नीरज कुमार, का.मधुर यादव शामिल रहे।
: आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसान झुलसे
Wed, Jul 12, 2023
खेत की रखवाली कर रहे थे किसान
बहराइच। थाना बौण्डी के सिपहिया हुलास चारीगाह के पास मंगलवार रात बालू खदान के पास किसान अपने खेतों में लगी फसल की रखवाली कर रहे थे। रात करीब ढाई बजे बारिश के दौरान एक लोहे के पाइप पर छाता लगा रखा था। जिस पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिसके चपेट में आकर तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। किसानों का इलाज चल रहा है। बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम सिपहिया हुलास के किसानों का खेत चारीगह के पास स्थित है। यह खेत नदी के निकट है। खेत में इस समय फसल लगी हुई है। फसलों की सुरक्षा मवेशियों से करने के लिए मंगलवार रात को किसान गए। रात ढाई बजे बारिश के दौरान आकाशीय बिजली लोहे की पाइप छाता के 100 मीटर पर गिर गई। मगर एक तरंग लोहे की छड़ पर आ गई जिसके चलते एक जगह मौजूद तीनों किसान चपेट में आ गए। खेत की रखवाली कर रहे किसान दयारामपुरवा मंझरा तौकाली, गोडियनपुरवा और सांगवा गांव निवासी झुलस कर घायल हो गए। इनमें नंदलाल 42 पुत्र बाबूराम, कैलाश 45 पुत्र भगौती, चेतराम 55 गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में लोगो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समदा ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर सीएचसी फखरपुर रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य चार लोग हल्का चपेट में आए। इन सभी का प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर विनायक शाही ने बताया कि किसानों ने छाता लगा रखा था। बिजली गिरने पर छाते में लगे लोहे के छड़ों ने तरंग दे दिया। जिसकी चपेट में किसान आ गए।
: टप्पेबाज ले उड़े 7.50 लाख कैश, एटीएम में पैसा लगाने जा रहे थे कर्मचारी
Wed, Jul 12, 2023
बहराइच। शहर में संचालित एटीएम में बुधवार को पैसा डालने जा रहे प्राइवेट बैंक के कर्मियों से बुधवार को दिनदहाड़े 7.50 लाख रुपए की टप्पेबाजी की। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का सीओ के साथ अन्य टीम ने जायजा लिया है। श्रावस्ती जिले के पचदेवरी माफी गांव निवासी राम दयाल पुत्र जगदीश प्रसाद और गिलौला निवासी अनिल कुमार मिश्रा इंडिया वन बैंक के कर्मी हैं। बहराइच शहर में इस बैंक की सात एटीएम संचालित है। जिसमें दोनों प्रतिदिन पैसा लगाने का काम करते हैं। बुधवार को एटीएम में रुपए लगाने के लिए सभी ने 38 लाख रूपये अपने पास बैग में रखे। इसके बाद सभी बाइक से एटीएम के लिए रवाना हुए। कोतवाली नगर के चांदपुरा स्थित एटीएम में पैसा लगाने के बाद दोनों बाइक से दरगाह थाने के अग्रसेन चौक के पास दोपहर में दो बजे पहुंचे। तभी अज्ञात बाइक सवार आए। सभी ने क्षेत्र में लूट होने की बात कहते नकदी की जांच करने की बात की। इसके बाद बैग से 7.50 लाख रूपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बीच शहर में दिनदहाड़े हुई वारदात से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी बैंककर्मियों ने पुलिस को दी। दरगाह थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया और स्वाट टीम के राज कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने घटना की जांच की। सीओ ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि जल्द ही टप्पेबाजी का खुलासा किया जायेगा।