: मिट्टी की कच्ची दीवार गिरने से युवक की मौत
Wed, Aug 23, 2023
परिजनों का पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार
बहराइच। थाना मटेरा अन्तर्गत समोखन गांव निवासी एक ग्रामीण की मिट्टी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे हैं। ऐसे में स्थिति असमंजस बन गई है। जिले में दो दिन से बारिश हो रही है। जिसके चलते मिट्टी की कच्ची दीवार में नमी आ गई है। मटेरा थाना क्षेत्र के समोखन गांव में बारिश के कारण कच्ची दीवार गिरने से संतराम 40 पुत्र मैकूलाल की मौत हो गई। संतराम को मिट्टी में दबा देखकर घर में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी हटाने की कोशिश की। जब तक मिट्टी हटाते तब तक संतराम की सांस थम चुकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर मटेरा पुलिस पहुंची। संतराम अपने पीछे एक लड़की, तीन लड़के, पत्नी व बूढी मां को छोड़ गया। क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंच कर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है। वहीं परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे हैं।
: प्राकृतिक आपदा भूकम्प विषय पर आयोजित हुआ टेबिल टाप एक्सरसाइज
Tue, Aug 22, 2023
बहराइच। भूकम्प के दौरान बचाव एवं राहत कार्यो के संचालन विषय पर 23 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे किसान पीजी कालेज में 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल वाराणसी द्वारा आयोजित पूर्वाभ्यास (मार्कड्रिल) के सम्बंध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टेबिल टाप एक्सरसाइज के दौरान डिप्टी कमाण्डेन्ट 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल वाराणसी अनिल कुमार पाल द्वारा आपदा के दौरान पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, लोक निर्माण, खाद एवं रसद, अग्निशमन, बिजली, सिचाई, वन, राजस्व, जल निगम इत्यादि विभागों के कार्य एवं दायित्वों के सम्बंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गयी। टेबिल टाप एक्सरसाइज के दौरान मार्क एक्सरसाइज पर दृश्य एवं कथा गम्भीर व समावेशी व्यायाम, एक्सीडेण्ट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) जिला आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण (डीडीएमए) इमरजेन्सी आपरेशन सेण्टर(ईओसी) की जिम्मेदारी आपदा जोखिम न्यूनीकरण, एनडीआरएफ का रोल इत्यादि विषयों पर चर्चा की गयी। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसौदिया व लाइन के इरफान अहमद, प्राचार्य केडीसी डॉ विनय सक्सेना, सीएमओ के प्रतिनिधि डॉ संजय सोलंकी, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण अमर सिंह, तहसीलदार नानपारा प्रदुम्य पटेल, परिवहन विभागी पीटीओ अवधराम गुप्ता, सहायक अभियन्ता लोक निर्माण, अंकित वर्मा, एसडीओ वन अजीत प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी के प्रतिनिधि सुशील कुमार, एसडीओ विद्युत धमेन्द्र कुमार, एनडीआरएफ के इन्सपेक्टर अजय सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: मुनाफा दिलवाकर जालसाजों ने झांसे में लिया बैंकमित्र को, ठगे 15.96 लाख
Tue, Aug 22, 2023
अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
बहराइच। कोतवाली कैसरगंज अन्तर्गत गोडहिया नंबर एक गांव निवासी बैंक मित्र को जालसाजों ने दो दिन में 999 और तीन हजार रूपये का मुनाफा दिलवाकर झांसे में लिया। जिसके बाद खाते में 15.96 लाख रूपये डलवा लिया। इसके बाद नंबर बंद हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात जालसाज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोडहिया नंबर एक के मजरा बभनपुरवा गांव निवासी अरविंद कुमार शर्मा पुत्र बृजेंद्र कुमार बैंक मित्र हैं। वह इंडियन बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र गांव में ही चलाते हैं। कोतवाली में तहरीर देकर अरविंद ने कहा है कि उनके नंबर पर एक व्यक्ति ने फोन कर रोजगार देने का झांसा दिया। जिस पर उन्हें घर बैठे पहले दिन 999 रूपये और दूसरे दिन तीन हजार रूपये उनके खाते में भेजे गए। इसके बाद उनका खाता बंद होने और धन कई गुना करने के लालच में 2.32 लाख जमा करने पर तीन लाख मिलने का लालच दिया गया। जिस पर उन्होंने अगस्त माह के पहले सप्ताह में 15.96 लाख रूपये संबंधित के खाते में जमा कर दिया। इसके बाद न फोन आया और न ही मोबाइल खुला। काफी प्रयास के बाद बैंक मित्र ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पूरी कहानी बताई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोगों को जागरूक होने की जरूरत है कि किसी दूसरे के साथ ऐसी घटना ना हो। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने मामले को संज्ञान लेकर तुरंत कार्रवाई कर अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बैंक मित्र ने बताया कि उसने चार लोगों से उधार रूपये लेकर भी जमा किया, वह भी चला गया।