: कलयुगी बेटे ने मां को लाठियों से पीट कर मार डाला
Thu, Oct 26, 2023
भैंस चराकर घर लौटे भाई का बड़े भाई से हो रहा था विवाद
मां ने झगड़ा करने से रोका तो छोटे बेटे ने मां को लाठियों से पीटा
पारिवारिक मामले को लेकर हो रहा था विवाद, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
बहराइच। जिले में बीती रात कलयुगी बेटे द्वारा मां की पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। छोटे बेटे ने मां को लाठियो से उस समय पीटा जब वह दो भाइयों में हो रहे झगड़े का बीच बचाव करने की कोशिश कर रही थी। बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम को भेज कर आरोपी बेटे को दबोच लिया है। मामला जिले के थाना मोतीपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पौंडा मेढ़किहा गांव का है। गांव निवासी पुन्नी देवी के दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा घर का काम काज सम्हालता है जबकि छोटा बेटा विरेंद्र मवेशियों की देखभाल करता है। बुधवार को प्रतिदिन की तरह वीरेंद्र मवेशियों को चारागाह चराने ले गया था। शाम को वह मवेशियों को लेकर घर लौटा। घर पर अहाते में जब वह मवेशियों को बांधकर अन्य काम करने जा रहा था तभी बड़े भाई से पारिवारिक मामलों को लेकर वीरेंद्र की कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के दौरान ही मामला अधिक बढ़ गया और मारपीट की नौबत बन गई। इसी दौरान दोनों बेटों की आपस में झगड़े की आवाज सुनकर माँ पुन्नी देवी दौड़कर मौके पर पहुंची और छोटे बेटे को बड़े भाई से विवाद न करने की सीख देने लगी साथ ही दोनों बेटों को चुप रहने की हिदायत दी। मां की यही हिदायत विरेंद्र को नागवार गुजरी। वीरेंद्र ने मवेशियों को चराने के लिए प्रयोग होने वाली लाठी को उठाकर मां के सिर पर ताबड़तोड़ कई वारकर दिया। मां पुन्नी देवी चीखते हुए जमीन पर गिरकर तड़पने लगीं। पुन्नी देवी की चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य दौड़े। परिवार के लोगों ने देखा कि बेटे के लाठी के वार से पुन्नी देवी का सिर फट गया है। लहूलुहान हालात में पुन्नी देवी को तत्काल परिवार के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन वहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुन्नी देवी की मौत की खबर सुनकर परिवार के सदस्य विलखने लगे। ग्रामीणों से घटना की सूचना पाकर मोतीपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर श्रीधर पाठक ने बताया कि महिला के बड़े बेटे की तहरीर पर छोटे बेटे विरेंद्र के खिलाफ मां की गैर इरादतन हत्या करने का केस दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सर में गहरी चोट लगने के चलते महिला की मौत होने की संभावना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
: वीर शहीदों के नमन व वीरों के वन्दन के बीच अमृत कलशों का हुआ स्वागत
Thu, Oct 26, 2023
सांसद ने जिला स्तरीय कार्यक्रम का किया शुभारम्भ
बहराइच। आजादी का अमृत महोत्सव अन्तर्गत ‘मेरी माटी मेरा देश’’ के तहत विकास खण्डों एवं नगर निकायों से अमृत कलश यात्रा जिला मुख्यालय पर पहंुचने के अवसर पर इन्दिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का मुख्य अतिथि सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड ने एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सदर श्रीमती अनुपमा जायसवाल, बलहा की श्रीमती सरोज सोनकर, नानपारा के राम निवास वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, पूर्व भाजपा अध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. व अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री गोंड, विधायक बलहा श्रीमती सोनकर, विधायक नानपारा श्री वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा व अन्य वक्ताओं ने देश के ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों को नमन व वीरों का वन्दन करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की आजादी के 75 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक पुनीत माटी-वन्दनोत्सव है, जिसमें हम सभी के लिए अपनी विराट सांस्कृतिक विरासत से प्रगाढ़ रूप से रूबरू होने, उसकी भव्यता पर गर्व करने और ऐसे गर्वजनित रस में डूबकर उत्सवमय आनन्द लेने का स्वर्णिम अवसर प्रदान किया। हम सभी के लिए अपनी विराट सांस्कृतिक विरासत से प्रगाढ़ रूप से रूबरू होने, उसकी भव्यता पर गर्व करने और ऐसे गर्वजनित रस में डूबकर उत्सवमय आनन्द लेने का स्वर्णिम अवसर मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य का क्षण है। समारोह के दौरान संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से नामित संास्कृतिक दलो जसबीर एण्ड ग्रुप व राजकुमारी एण्ड पार्टी तथा विकास खण्ड चित्तौरा, रिसिया, कैसरगंज एवं तेजवापुर की कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति एवं माटी गीतों ने मौजूद लोगों में देश प्रेम की भावना को जागृत करने में सफल रहा। इससे पूर्व जिलाधिकारी मोनिका रानी ने मेरी माटी मेरा देश के अन्तर्गत जनपद में संचालित की गई गतिविधियों की जानकारी प्रदान करने हेतु मौजूद अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मौजूद अतिथियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अन्त में मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. ने सभी अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कवि संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा संजय कुमार, डीडीओ महेन्द्र कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ राघवेन्द्र द्विवेदी, डीएसओ नरेन्द्र तिवारी, डीआईओएस नरेन्द्र देव, क्रीड़ाधिकारी नीरज मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष श्रीवास्तव, पार्टी पदाधिकारी रणविजय सिंह, नन्हे लाल लोधी, मंजू शुक्ला सहित सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, नगर निकायों व क्षेत्र पंचायतों के प्रमुखगण, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व संभ्रान्तजन, अधिकारी व कर्मचारी, समाजसेवी, मीडिया प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें राजनैतिक दल: डीएम
Thu, Oct 26, 2023
27 अक्टूबर से 09 दिसम्बर तक प्राप्त किये जायेंगे दावे व आपत्तियां
बहराइच। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु 27 अक्टूबर से संचालित होने वाले अभियान को सफल बनाये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की कि सभी अर्ह नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु अपेक्षित सहयोग प्रदान करें। डीएम ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि बूथ लेबिल एजेन्टों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें ताकि अभियान के दौरान उनका सहयोग प्राप्त कर अधिकाधिक लोगों के नामों को मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्यवाही की जा सके। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसारिणी की जानकारी देते हुए डीएम ने बताया कि निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन 27 अक्टूबर को होगा तथा 27 अक्टूबर से 09 दिसम्बर तक दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। श्री मिश्र ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 04, 05, 25 व 26 नवम्बर तथा 02 व 03 दिसम्बर छः विशेष अभियान तिथियां होंगी। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का अन्तिम प्रकाशन 05 जनवरी को किया जायेगा। डीएम ने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों में जनपद के समस्त बूथ लेवल आफिसर अपने-अपने मतदेय स्थलों पर पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 4 बजे तक उपस्थित रहकर दावे तथा आपत्तियां प्राप्त करेंगे। डीएम ने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों के अतिरिक्त जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थलों पर पदाभिहित अधिकारी द्वारा दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। विशेष अभियान के दौरान दावे तथा आपत्तियों से सम्बंधित फार्म समस्त बूथ लेवल आफिसर तथा पदाभिहित अधिकारी के पास उपलब्ध रहेगा। पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष अभियान की तिथियों में समस्त सुपरवाइज़र, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। एडीईओ को निर्देश दिया गया कि पुनरीक्षण के सम्बंध में जारी दिशा-निर्देशों व मतदाता सूची की हार्ड व साफ्ट कापी अभिलम्ब राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी जाय। डीएम ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के सम्बंध में कोई भी दल सुझाव या समस्या के सम्बंध में उच्चाधिकारियों को किसी भी समय अवगत करा सकते हैं। डीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान की विशेष तिथियों 04, 05, 25 व 26 नवम्बर तथा 02 व 03 दिसम्बर में बूथ लेबिल अधिकारियों की निर्धारित स्थान पर उपस्थित व उनके द्वारा संचालित किये जा रहे गतिविधियों का सत्यापन जिले की 136 न्याय पंचायतों में पूर्व से नामित नोडल अधिकारियों के माध्यम से कराया जायेगा। डीएम ने बताया कि सभी अर्ह नागरिक व मतदाओं नामावली में नाम सम्मिलित करने के लिए प्रारूप-6, मृतक शिफ्टेड तथा रिपीटेड होने पर निर्वाचक नामावली से नाम काटने के लिए प्रारूप-7 तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संशोधन करने के लिए प्रारूप-8 भर कर आवश्यक अभिलेख के साथ सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर के पास अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाते हुए अपने नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। इस अवसर पर भाजपा से सुनील श्रीवास्तव, कांग्रेस से गोपीनाथ, समाजवादी पार्टी से जफर उल्लाह खां बन्टी, बीएसपी से अजय गौतम व अशर्फी लाल गौतम, अपना दल से धमेन्द्र कुमार चौधरी सहित मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, सहायक जिला निवार्चन अधिकारी शिखा श्रीवास्तव व अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।