: अवैध संचालन पर पांच बसों के विरूद्ध हुई कार्रवाई
Thu, Dec 21, 2023
बहराइच। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ओ.पी. सिंह ने बताया कि जनपद में 15 से 31 दिसम्बर तक संचालित द्वितीय सडक सुरक्षा पखवाड़ा अन्तर्गत सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) देवीपाटन मण्डल गोण्डा के निर्देश पर बहराइच-कटाहीघाट-बैरीघाट सम्बद्ध मार्ग पर अवैध संचालित वाहनों के विरूद्ध की गई प्रवर्तन की कार्यवाही के दौरान 03 बसो को बन्द किया गया एवं 02 बसो का चालान किया गया है। प्रवर्तन की कार्यवाही में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राजीव कुमार, यात्री/मालकर अधिकारी अवधराज गुप्ता तथा प्रवर्तन दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
: जनपद न्यायाधीश ने डीएम व एसपी के साथ किया कारागार का निरीक्षण
Thu, Dec 21, 2023
बहराइच। जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी ने जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, सीजेएम शिवेन्द्र कुमार मिश्रा व अन्य अधिकारियों के साथ जिला कारागार का निरीक्षण कर कारागार प्रशासन द्वारा बन्दियों को मुहैय्या करायी जा रही सुविधाओं व कारागार की साफ-सफाई इत्यादि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कारागार के निरीक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों ने पाकशाला सहित विभिन्न बैरकों का भी निरीक्षण किया। पाकशाला के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई तथा भोजन की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गईं। जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक राजेश यादव, प्रभारी जेलर देवकान्त वर्मा, डिप्टी जेलर शेषनाथ यादव, अनीता सक्सेना, चिकित्सक प्रवीण पाण्डेय सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: 50 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
Thu, Dec 21, 2023
बहराइच। थाना मोतीपुर पुलिस व एसएसबी के संयुक्त कार्रवाई में 50 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर ददन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम व एसएसबी बल द्वारा गुरूवार को थाना क्षेत्र अन्तर्गत कसौंजी सर्रा कलां से अभियुक्त शरीफ पुत्र छोटकन निवासी नंदागांव कबड़ियनपुरवा उमरिया थाना नवाबगंज को 50 ग्राम नाजायज स्मैक के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। उल्लेखनीय है कि उ.नि.मनोज कुमार राव मय हमराह पुलिस बल व एसएसबी बल के साथ क्षेत्र देखभाल, चेकिंग संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु के चेकिंग के दौरान अभियुक्त शरीफ उपरोक्त को कसौंजी सर्रा कलां से 50 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। पकड़े गए तस्कर के विरूद्ध स्थानीय थाना पर मुअसं. 690/2023 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्ता को न्यायालय रवाना किया गया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह, उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, का.ललित कुमार, एसी/जीडी गौतम शर्मा, एसआई/जीडी रामानन्द सागर मय एसएसबी बल शामिल रहे।