: तस्करी का गांजा ले जा रहे तीन गिरफ्तार
Wed, Mar 6, 2024
एसओजी व विशेश्वरगंज पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी
बहराइच। विशेश्वरगंज पुलिस व एसओजी द्वारा एक कार से 15 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी कार व बाइक से गांजा लेकर किसी दूसरे को देने जा रहे थे। क्षेत्राधिकारी पयागपुर हीरा लाल कनौजिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ तस्करों के आने की प्रतीक्षा में थे। तभी रास्ते में रोककर उनकी तलाशी ली गई। कार व बाइक से लगभग 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। सोमनाथ गुप्ता पुत्र छेदी लाल गुप्ता निवासी कटरा श्रावस्ती, विजय कुमार गोस्वामी पुत्र जीवन लाल गोस्वामी निवासी मोहनीपुर इकौना जनपद श्रावस्ती, बच्चानाथ शुक्ला उर्फ घनश्याम पुत्र बद्रीनाथ शुक्ला निवासी कौड़िया बाजार जनपद गोण्डा के रूप में की गई। अभियुक्तों के कब्जे से एक टाटा टियोगों कार व एक बाइक भी बरामद की गई। अभियुक्तों के विरूद्ध विभिन्न थानों में पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज है।
: विवाह समारोह में बारातियों की हुई जमकर पिटाई, एक की मौत, एक घायल
Wed, Mar 6, 2024
खाने को लेकर बारातियों व घरातियों में हुआ था विवाद
बहराइच। विवाह समारोह में खाने को लेकर मारपीट शुरू हो गई। जिसमें एक बाराती की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना थाना रूपईडीहा अन्तर्गत राम नगर गांव की है। जहां मंगलवार को बेचन लाल के यहां शादी समारोह था। क्षेत्र के मकनपुर निवासी संदीप पुत्र निवास के यहां से बारात आयी थी। तभी द्वारपूजा के बाद भोजन का दौर शुरू हुआ तो बाराती पक्ष के थाना रामगांव के बल्दीपुरवा निवासी सोनू आर्य पुत्र बांके लाल व थाना खैरीघाट के शिवपुर निवासी संजय कुमार पुत्र जगदीश ने खाने में कमियां गिनाते हुए विरोध शुरू कर दिया। जिसके चलते वधू पक्ष के लोग नाराज हो गए और गांव निवासी गुड्डू वर्मा पुत्र ओंकार वर्मा, डब्लू वर्मा पुत्र बहोरी व मुटरू ने लाठी, डण्डों व लोहे की राड से बारातियों को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के चलते दूल्हे के रिश्तेदार सोनू आर्या व संजय कुमार घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बाबागंज सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि संजय का इलाज चल रहा है। पुलिस को घटना की जानकारी होने पर थाना प्रभारी रूपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह, बाबागंज चैकी इंचार्ज बाल गोविन्द वर्मा, क्षेत्राधिकारी नानपारा राहुल पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा.पवित्र मोहन त्रिपाठी ने भी गांव पहुंचकर घटना के बारे में ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरूद्ध बलवा, हत्या व मारपीट, एससीएसटी एक्ट के तहत गुड्डू वर्मा व अन्य के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा।
: सरयू नदी में मिला लापता युवक का शव
Wed, Mar 6, 2024
बहराइच। बीते मंगलवार सायं से लापता युवका शव सरयू नदी में उतराता मिला। गौरतलब हो कि थाना रामगांव अन्र्तगत किशुनपुर मीठा निवासी हेमराज वर्मा पुत्र जगेसर प्रसाद 30 वर्ष बीते मंगलवार से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तभी बुधवार को उसका शव झिंगहाघाट स्थित सरयू नदी में उतराता पाया गया। पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक शशि कुमार राणा ने बताया कि हाईवे चैकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नदी से शव निकलवाकर उसकी पहचान करवाई। प्रभारी निरीक्षक शशि कुमार राणा ने बताया मृतक के बड़े भाई राम सूरत ने पहचान की। भाई के मुताबिक वह मानसिक रूप से बीमार था।